मंडी। बार एसोसिएशन मंडी के सदस्यों ने वीरवार को मंडलायुक्त मंडी पर एक वरिष्ठ अधिवक्ता के साथ दुर्व्यवहार का आरोप लगाते हुए शहर में प्रदर्शन किया। इस दौरान वकीलों ने अदालती कामकाज का भी बहिष्कार किया। प्रदर्शन के दौरान चौहट्टा बाजार में रैली भी निकाली गई।
बार एसोसिएशन के प्रवक्ता एडवोकेट आकाश शर्मा ने बताया कि यह धरना प्रदर्शन प्रधान दिनेश सकलानी की अगुवाई में हुआ। वकीलों ने मंडलायुक्त मंडी की तानाशाही कार्यप्रणाली के खिलाफ नारेबाजी की और प्रदेश सरकार से मांग की कि मंडलायुक्त के खिलाफ तत्काल कार्रवाई की जाए।
वकीलों ने मंडलायुक्त के रवैये की कड़ी निंदा करते हुए चेतावनी दी कि यदि सरकार ने उनके खिलाफ सख्त कदम नहीं उठाए, तो आने वाले समय में आंदोलन को और तेज किया जाएगा। बार एसोसिएशन के प्रधान दिनेश सकलानी ने इस मुद्दे को लेकर एक संघर्ष समिति का गठन किया है। यह समिति मुख्यमंत्री, मुख्य सचिव और प्रशासनिक जज से मुलाकात कर मंडलायुक्त के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग करेगी।