ऊहल प्रोजेक्ट के मछयाल साइट पर मांगों को लेकर प्रदर्शन करते मजदूर।
- फोटो : अमर उजाला
जोगिंद्रनगर (मंडी)। सीटू से संबंधित ऊहल प्रोजेक्ट वर्कर यूनियन के बैनर तले पिछले चार दिन से प्रोजेक्ट में चल रही हड़ताल के बीच वीरवार को प्रोजेक्ट साइट पर सभी मजदूरों ने हिमाचल किसान सभा के राज्य महासचिव कुशाल भारद्वाज के नेतृत्व में धरना देकर कंपनी कार्यालय का घेराव किया। मछयाल साइट पर प्रोजेक्ट कमेटी के सचिव राजन, साइट कमेटी के प्रधान अतुल चौहान, सचिव काली दास के नेतृत्व में प्रदर्शन किया गया।
जबकि खद्दर साइट पर प्रोजेक्ट कमेटी के प्रधान टेक सिंह, साइट कमेटी के प्रधान राम सिंह और सचिव प्रताप सिंह के नेतृत्व में जोरदार प्रदर्शन किया गया। यूनियन का कहना है कि मजदूरों को नवंबर महीने का वेतन अभी तक नहीं दिया है। मछयाल साइट पर मजदूरों को संबोधित करते हुए कुशाल भारद्वाज ने कहा कि ऊहल प्रोजेक्ट में कंपनी प्रबंधन की मनमर्जी को कतई बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। दिसंबर महीने के 22 दिन बीत जाने के बाद भी मजदूरों को पिछले महीने का वेतन अभी तक नहीं दिया गया है। कानून के तहत मजदूरों को महीने की सात तारीख तक वेतन मिलना अनिवार्य है।
जब 19 तारीख तक भी वेतन का भुगतान नहीं किया गया तो यूनियन को मजबूरन हड़ताल पर जाना पड़ा। कंपनी ने प्रोजेक्ट में कार्यरत मजदूरों का पिछले दो साल का ईपीएफ का पैसा अभी भी जमा नहीं किया है। इसी तरह से जिन मजदूरों की छंटनी हो चुकी है, उनका भी दो वर्ष से ज्यादा समय बीत जाने के बावजूद ईपीएफ का पैसा नहीं मिला है। इस अवसर पर यूनियन की प्रोजेक्ट कमेटी की बैठक भी आयोजित की गई। जिसमें तय किया गया कि यदि 23 दिसंबर तक सभी मजदूरों के वेतन का भुगतान नहीं किया गया तो 24 को बीवीपीसीएल प्रबंधन के कार्यालय का घेराव किया जाएगा।