कानूनी शिकंजे में कसने की तैयारी में प्रशासन
मई 2026 में आयोजित हुआ था सराज घाटी का जिला स्तरीय मेला
यूपी के बदायूं निवासी ठेकेदार ने 28.50 लाख रुपये में ली थी ग्राउंड की बोली
17.75 लाख रुपये का किया था भुगतान, बाकी बचे 10 लाख रुपये के चेक हुए फेल
संवाद न्यूज एजेंसी
थुनाग (सराज)। सराज घाटी के प्रसिद्ध जिला स्तरीय कुथाह मेला ग्राउंड के ठेकेदार की बड़ी लापरवाही सामने आई है। मेला प्रबंधन समिति को बकाया राशि के भुगतान के लिए दिए गए 10 लाख रुपये के दो चेक बैंक में लगाने पर बाउंस हो गए। इसके बाद प्रशासन ने ठेकेदार के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की प्रक्रिया शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार, मई 2026 में आयोजित सात दिवसीय जिला स्तरीय कुथाह मेले के लिए एसडीएम की अध्यक्षता में गठित समिति ने खुली बोली के माध्यम से मेला ग्राउंड का ठेका दिया था। उत्तर प्रदेश के बदायूं निवासी ठेकेदार राम आसरे ने 28.50 लाख रुपये की सबसे ऊंची बोली लगाकर ठेका हासिल किया था। मेला समाप्त होने के बाद ठेकेदार ने 17,75,100 रुपये जमा करवा दिए थे। शेष राशि के भुगतान के लिए जुलाई में पांच-पांच लाख रुपये के दो चेक प्रशासन को सौंपे गए। बैंक में प्रस्तुत करने पर खाते में पर्याप्त धनराशि न होने के कारण दोनों चेक बाउंस हो गए।
मामले की जानकारी मिलते ही मेला प्रबंधन समिति और प्रशासन ने इसे गंभीरता से लिया। समिति के अध्यक्ष एवं एसडीएम थुनाग संजीत शर्मा ने बताया कि ठेकेदार को कानूनी नोटिस जारी किया जा रहा है। निर्धारित समय में बकाया राशि जमा नहीं होने पर उसके खिलाफ एनआई एक्ट के तहत अदालत में मामला दर्ज कराया जाएगा। साथ ही भविष्य में उसे ब्लैकलिस्ट करने की कार्रवाई भी की जा सकती है।