बग्गी में जलशक्ति विभाग के अधिशाषी अभियंता को मांगों को लेकर ज्ञापन सौंपते किसान यूनियन के पदा
मंडी। बल्हघाटी के कुम्मी क्षेत्र में करीब सौ बीघा जमीन के लिए सिंचाई सुविधा नहीं मिल रही है। पुरानी कूहल के क्षतिग्रस्त होने से खेतों तक पानी नहीं पहुंच रहा है। इस कारण किसान गेहूं की बिजाई नहीं कर पा रहे हैं। किसानों के प्रतिनिधिमंडल ने बग्गी स्थित जलशक्ति विभाग के अधिशासी अभियंता से मिलकर समस्या का समाधान करने का आग्रह किया है।
किसान यूनियन के बल्ह ब्लाॅक के प्रधान केसर सिंह, महासचिव कृष्ण चौधरी, कुम्मी यूनिट प्रधान रूप लाल, कुम्मी पंचायत प्रधान दिनेश कुमार ने बताया कि कुम्मी क्षेत्र में सिंचाई सुविधा के लिए बग्गी से छपरोल तक कूहल का निर्माण किया गया है। इस सिंचाई कूहल से करीब सौ बीघा जमीन में सिंचाई की जाती है।
किसान पारंपरिक फसलों के साथ नकदी फसलों का भी उत्पादन करते हैं। अब समस्या यह है कि कुम्मी के निकट पुरानी कूहल क्षतिग्रस्त हो गई है। इससे आगे पानी की आपूर्ति नहीं हो पा रही है। वर्षा न होने से जमीन के लिए इन दिनों सिंचाई की अधिक जरूरत है। किसान गेहूं की बिजाई तक नहीं कर पा रहे हैं।
जिन किसानों ने अपने खेतों में गोभी और अन्य फसलें लगाई हैं, उन पर भी सिंचाई के अभाव में प्रतिकूल असर पड़ रहा है। आने वाले दिनों में क्षेत्र में बेरोजगार युवा टमाटर की खेती करेंगे। इसके लिए भी सिंचाई योग्य पानी की जरूरत रहेगी। इसलिए किसान यूनियन के पदाधिकारियों ने समय रहते इस समस्या का समाधान करने की गुहार लगाई है।
..........
कुम्मी के निकट कंक्रीट की कूहल क्षतिग्रस्त हो गई है। यहां पर नए सिरे से कूहल का निर्माण किया जा रहा है। साथ लगती अन्य कूहलों की भी मरम्मत की जा रही है। किसानों की समस्या का स्थायी समाधान किया जा रहा है।
-प्रवीण गुप्ता, अधिशासी अभियंता, जलशक्ति विभाग बग्गी
000