द्रंग क्षेत्र की ग्राम पंचायत बह में आग लगने से राख हुआ रसोई घर। स्रोत जागरूक पाठक
पधर (मंडी)। द्रंग क्षेत्र की ग्राम पंचायत बह के गांव बह में शनिवार रात्रि करीब ढाई बजे रसोई घर में आग लगने से सामान जल कर राख हो गया। आग लगने के कारणों का पता नहीं चल सका है। इस घटना में करीब तीन लाख रुपये का नुकसान हुआ है। बह गांव निवासी जगदीश प्रसाद पुत्र राम सिंह सभी सदस्यों के साथ घर के दूसरे कमरों में सोए थे।
अचानक रसोई घर से धुआं उठता देख सभी सदस्य जाग गए। शोर मचाने पर आसपड़ोस के लोग भी मौके पर पहुंचे और आग पर काबू पाने में जुट गए। आग इतनी प्रचंड थी कि रसोई घर के अंदर रखा राशन, बर्तन, अलमारी और अन्य सामान जल गया। ग्रामीणों की मदद से करीब एक घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया जा सका। बह पंचायत के प्रधान पीर सहाय ठाकुर और पटवारी ने घटनास्थल का दौरा कर रिपोर्ट तैयार कर तहसीलदार पधर को प्रेषित की है। रसोई घर का सारा सामान जल गया है। उन्होंने स्थानीय प्रशासन से प्रभावित परिवार को उचित मुआवजा प्रदान करने की मांग की है।
...
बह गांव में रसोई घर में आग लगने की सूचना मिलने के बाद पटवारी को मौके पर भेजा है। नुकसान का आकलन के बाद पीड़ित परिवार को प्रशासन की ओर से उचित मुआवजा दिया जाएगा।
-भावना वर्मा, तहसीलदार पधर