एसआईआर रद्द करने और ज्ञानेश कुमार को बर्खास्त करने की उठाएगी मांग
संवाद न्यूज एजेंसी
मंडी। हिमाचल किसान सभा किसानों से किए वादे पूरे करने, विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) रद्द करने और अमेरिका के साथ मुक्त व्यापार समझौता वापस लेने की मांग को लेकर 23 अक्तूबर को जिला व तहसील मुख्यालयों पर प्रदर्शन करेगी।
किसान सभा के राज्य महासचिव महेंद्र राणा ने कहा कि केंद्र सरकार ने 2020-21 के किसान आंदोलन के दौरान स्वामीनाथन आयोग की सिफारिशें लागू करने, सी 2 लागत पर 50 प्रतिशत लाभ जोड़कर फसलों के दाम तय करने और खाद, बीज व दवाइयों पर सब्सिडी बहाल करने का वादा किया था लेकिन इन्हें पूरा नहीं किया गया।
उन्होंने एसआईआर के तहत मतदाता सूची से नाम हटाए जाने पर सवाल उठाते हुए मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार को बर्खास्त करने की मांग भी की। राणा ने चेतावनी दी कि मांगें नहीं मानी गईं तो आंदोलन तेज किया जाएगा और जरूरत पड़ने पर दिल्ली कूच किया जाएगा।