थुनाग (मंडी)। हिमाचल किसान सभा की भनवास वार्ड इकाई का गठन सोमवार को बैठक के बाद किया गया। बैठक में विशेष रूप से नरेंद्र रेड्डी उपस्थित रहे। इस दौरान किसानों से जुड़े ज्वलंत मुद्दों पर गहन चर्चा हुई। हाल की आपदा में क्षेत्र के किसानों को भारी नुकसान उठाना पड़ा है।
बैठक में सरकार और प्रशासन की ओर से किसानों के पुनर्वास को लेकर गंभीर नहीं होने पर चिंता जताई गई। राजस्व विभाग की ओर से जमीन और फसलों के नुकसान का सटीक आकलन नहीं किया गया है। किसान सभा ने मांग की कि जब तक जमीन के बदले जमीन और मकान के बदले मकान की व्यवस्था नहीं होगी, तब तक किसानों का पुनर्वास संभव नहीं है।
साथ ही किसानों ने बड़े पैमाने पर किसान क्रेडिट कार्ड (केसीसी) के तहत लोन लिए हैं। मांग उठाई कि किसानों ने अपनी जमीन और फसलें खो दी हैं, इसलिए उनकी केसीसी राशि माफ की जाए। बैठक में निर्णय लिया गया कि इन मांगों को लेकर भनवास के किसान 5 अगस्त को जंजैहली में आयोजित होने वाली रैली में हिस्सा लेंगे।
बैठक में वार्ड कमेटी का गठन किया गया, जिसमें खेम सिंह को अध्यक्ष, सुरेंद्र कुमार को उपाध्यक्ष चुना गया। नूतन प्रकाश को सचिव, खूबेराम को सह-सचिव, जीवन सिंह को कोषाध्यक्ष और पवन कुमार को सलाहकार चुना गया। बैठक में इंदर सिंह, सोनू, अजय ठाकुर सहित कई अन्य लोग शामिल रहे।
संवाद