सुंदरनगर (मंडी)। उपमंडल के रिटायर्ड इंजीनियर जेपी गुप्ता जिस स्कूल में पढ़े, उसी हटगढ़ स्कूल में पढ़ने वाले मेधावी बच्चों को आगे बढ़ाने के लिए प्रयासरत हैं। दो साल में 15 मेधावी जरूरतमंद बच्चों को न केवल किताबें कॉपियां दीं बल्कि उन्हें प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी करवाने के लिए स्कूल के पुस्तकालय के लिए महंगी किताबें भी उपलब्ध करवाईं।
जेपी गुप्ता ने बताया कि उन्होंने खुद बचपन में गरीबी झेली थी। किताबों के लिए मोहताज होना पड़ता था। पढ़ने की जिद ने एक इंजीनियर बना दिया। बीबीएमबी से अधीक्षण अभियंता के पद से सेवानिवृत्त होने के बाद किताबों का एक बुक बैंक शुरू कर दिया। अब इस बुक बैंक से अन्य जरूरतमंद बच्चों की भी मदद की जा रही है। राजकीय आदर्श पाठशाला हटगढ़ के प्रधानाचार्य रमेश चंद ने बताया कि जेपी गुप्ता ने 1964 में इस स्कूल में पढ़ाई की थी। आज इस स्कूल के बच्चों की मदद के लिए आगे आए हैं। संवाद