मंडी। भारत की जनवादी नौजवान सभा (डीवाईएफआई) की राज्य कमेटी ने प्रदेश सरकार की ओर से लाई गई जॉब ट्रेनी नीति की आलोचना की है। नौजवान सभा का मानना है कि यह नीति युवा विरोधी के साथ आम जनता विरोधी भी है।
भारत की जनवादी नौजवान सभा के राज्य अध्यक्ष सुरेश सरवाल ने कहा कि प्रदेश सरकार स्थायी रोजगार के नाम पर सत्ता में आई थी। यह सरकार भी दूसरी सरकारों की तरह युवाओं के सपनों से खिलवाड़ करने जा रही है। प्रदेश में वर्तमान सरकार कभी पशु मित्र, वन मित्र और फिक्स टर्म की नीति को लेकर आ रही है जिससे आम जनता और युवाओं में भारी रोष है। कहा कि युवाओं को केवल मात्र वोट बैंक के रूप में इस्तेमाल किया जाता है। उन्हें सपने दिखाए जाते हैं लेकिन पूरे नहीं किए जाते। नौजवान सभा ने प्रदेश सरकार से आग्रह किया है कि इस नीति को जल्द वापस लिया जाए। संवाद