राजकीय महाविद्यालय निहरी में वार्षिक खेलकूद प्रतियोगिता में दिखाया दम
लड़कियों के वॉलीबाल मुकाबले में भूमिका की टीम विजेता रही
संवाद न्यूज एजेंसी
मंडी। राजकीय महाविद्यालय निहरी में आयोजित वार्षिक खेलकूद प्रतियोगिता का समापन बुधवार को उत्साह, अनुशासन और खेल भावना के साथ हुआ। दो दिवसीय प्रतियोगिता के अंतिम दिन बुधवार को विभिन्न खेल स्पर्धाओं के रोमांचक फाइनल मुकाबले आयोजित किए गए, जिनमें विद्यार्थियों ने शानदार प्रदर्शन कर अपनी प्रतिभा का परिचय दिया। समापन समारोह में महाविद्यालय की प्राचार्य सीमा शर्मा ने मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत कर विजेताओं को सम्मानित किया।
प्रतियोगिता के दूसरे दिन बैडमिंटन युगल लड़के वर्ग में जितेंद्र और उमेश की जोड़ी ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। जबकि, लड़कियों के युगल वर्ग में आयुषी और देवेंद्रा विजेता रहीं। वॉलीबाल लड़कों के वर्ग में बोधराज के नेतृत्व में उनकी टीम ने शानदार खेल का प्रदर्शन करते हुए प्रथम स्थान हासिल किया। वहीं, लड़कियों के वॉलीबाल मुकाबले में भूमिका की टीम विजेता रही।
कैरम बोर्ड में लड़कियों के वर्ग में रेणुका और आकृति ने बाजी मारी। जबकि, लड़कों के वर्ग में पार्थिव और बोधराज ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। म्यूजिकल चेयर प्रतियोगिता में भूमिका ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए पहला स्थान हासिल किया। क्रिकेट में लड़कियों के वर्ग में आकृति की टीम ने बेहतरीन तालमेल और खेल भावना का परिचय देते हुए खिताब अपने नाम किया। समापन समारोह को संबोधित करते हुए प्राचार्य सीमा शर्मा ने कहा कि खेल अनुशासन, टीम भावना और नेतृत्व क्षमता को विकसित करने का सशक्त माध्यम हैं। इस मौके पर खेल प्रभारी रूपेश ठाकुर मौजूद रहे।