मंडी में जिला परिषद की बैठक में उपस्थित एडीएम तथा पंचायती राज प्रतिनिधि
- फोटो : अमर उजाला
मंडी। जिला परिषद मंडी की त्रैमासिक बैठक सोमवार को जिला परिषद कार्यालय के सम्मेलन कक्ष भ्यूली में आयोजित की गई। अध्यक्षता जिला परिषद की अध्यक्ष चंपा ठाकुर ने की। बैठक में त्रैमासिक आय-व्यय का अनुमोदन किया गया तथा सदस्यों द्वारा उठाए गए विषयों पर चर्चा की गई। इसके अतिरिक्त मनरेगा योजना के तहत 20 हजार 891 अतिरिक्त कार्यों के सेल्फ भी अनुमोदित किए गए।
बैठक में जिप अध्यक्ष चंपा ठाकुर ने कहा कि जिला परिषद सदस्यों द्वारा उठाए मुद्दों पर संबंधित विभागों के अधिकारी शीघ्र कार्रवाई करना सुनिश्चित करें। उन्होंने कहा कि अधिकारी विभागों द्वारा विभिन्न क्षेत्रों में आयोजित किए जाने वाले कार्यक्रमों की सूचना जिला परिषद सदस्यों को अवश्य दें। कल्याणकारी योजनाओं के बारे में अधिक से अधिक लोगों को जानकारी देना भी सुनिश्चित करें। मीटिंग में अतिरिक्त जिला दंडाधिकारी विवेक चंदेल ने बैठक में भाग लेने के लिए सभी सदस्यों का स्वागत और आभार व्यक्त किया। इस दौरान जिला परिषद उपाध्यक्ष पूर्ण चंद ठाकुर, जिला पंचायत अधिकारी गिरीश समरा के अलावा सभी सदस्य मौजूद रहे।
जिला परिषद सदस्य पमिता कुमार ने कहा कि जिप बैठकों की रिकार्डिंग की जाए और इनका लाइव प्रदर्शन करके इसे पारदर्शी बनाया जाए। बैठकों में पूछे गए प्रश्नों पर विभाग की बजाय अध्यक्ष ही सदस्यों को संतुष्ट करने की कोशिश करती हैं। जिससे बैठक का संचालन सही ढंग से नहीं हो पाता और सदस्यों के प्रश्न अधूरे ही रह जाते हैं। बैठक की रिकार्डिंग की जानी चाहिए। उन्होंने बताया कि कटौला अस्पताल में एक्सरे मशीन के खराब रहने और अल्ट्रासाउंड की व्यवस्था करने के उनके प्रश्नों को टालने की कोशिश की गई।