सराज घाटी के शुरल में दुर्घटनाग्रस्त जीप। स्त्रोत- जागरूक पाठक
गंभीर रूप से घायल को नेरचौक मेडिकल कॉलेज किया रेफर
संवाद न्यूज एजेंसी
थुनाग (मंडी)। उपतहसील छतरी के तहत बहल सैंज पंचायत के मानगढ़ इलाके में शूरल में शुक्रवार को एक बोलेरो कैंपर गाड़ी अनियंत्रित होकर दुर्घटनाग्रस्त हो गई। घटना में एक छह वर्षीय मासूम समेत तीन लोग घायल हो गए।
वाहन में सवार लोग खुनाच्ची के रहने वाले हैं और वे सुडास से जोगणीधार की ओर जा रहे थे। गाड़ी को 30 वर्षीय जय कुमार पुत्र धनी राम चला रहे थे। हादसे के समय वाहन में उनके साथ उनका छह वर्षीय बेटा अरुण कुमार और 37 वर्षीय सतीश कुमार पुत्र कौल राम भी सवार थे। शूरल के पास गाड़ी अनियंत्रित होकर पहाड़ी से करीब पांच सौ मीटर नीचे गिर गई, जिससे गाड़ी के परखच्चे उड़ गए। इस दौरान मासूम अरुण गाड़ी गिरते ही बाहर छिटक गया, जिससे उसकी जान बच गई।
सतीश कुमार ने करीब एक माह पहले ही नई गाड़ी ली थी। इस हादसे में उन्हें गंभीर चोटें आई हैं। घटनास्थल पर मौजूद स्थानीय लोगों की मदद से घायल सतीश को तुरंत नजदीकी सिविल अस्पताल जंजैहली पहुंचाया गया, जहां से उनकी नाजुक हालत को देखते हुए डॉक्टरों ने उन्हें बेहतर इलाज के लिए नेरचौक मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया है। करसोग के डीएसपी चांद किशोर ने बताया कि मामले में जांच जारी है।