गोहर क्षेत्र के कोटला खनुला गांव के समीप हुए जीप हादसे की जांच करते हुए पुलिस कर्मचारी।
- फोटो : Mandi
गोहर (मंडी)। उपमंडल के कोटला खनुला गांव के समीप सोमवार देर रात एक जीप अनियंत्रित होकर खाई में गिर गई। हादसे में एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई। दूसरा गंभीर रूप से घायल हुआ है। उसे ग्रामीणों की मदद से नागरिक अस्पताल गोहर लाया गया।
चिकित्सकों ने उसे मेडिकल कॉलेज नेरचौक रेफर कर दिया है। पुलिस ने मौके पर पहुंच कर शव को कब्जे में लेकर हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी है। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया है। पुलिस के अनुसार सोमवार रात करीब दस बजे जीप में सवार होकर दो युवक रोशन लाल उर्फ रिंकू (34) निवासी सीमाधर और दिवान चंद (35) निवासी चांदपुर, नाचन गोहर से कोटला खनुला की तरफ जा रहे थे। कोटला खनुला के समीप जीप अनियंत्रित होकर गहरी खाई में गिर गई।
हादसे की भनक लगते ही स्थानीय लोग बचाव कार्य के लिए घटनास्थल की ओर दौड़े। पुलिस को सूचना देने पर पुलिस दल भी मौके पर पहुंचा और राहत कार्य शुरू कर दिया। हादसे में रोशन लाल की मौत हो चुकी थी जबकि दिवान चंद घायल था।
घायल युवक को उपचार के लिए गोहर अस्पताल पहुंचाया। युवक की हालत गंभीर देख चिकित्सकों ने उसे मेडिकल कॉलेज नेरचौक के लिए रेफर कर दिया। एसपी शालिनी अग्निहोत्री ने बताया कि हादसे में एक युवक की मौत हुई है जबकि एक घायल है। हादसे के कारणों की जांच की जा रही है। संवाद