सुंदरनगर में आयोजित अंडर-13 राज्य स्तरीय शतरंज प्रतियोगिता के विजेता खिलाड़ी मुख्यातिथि के साथ।
- फोटो : अमर उजाला
सुंदरनगर (मंडी)। महावीर स्कूल में आयोजित हिमाचल प्रदेश अंडर-13 शतरंज प्रतियोगिता में अंतरराष्ट्रीय रेटिंग (1165) प्राप्त जतिन शर्मा ने दोहरा खिताब अपने नाम कर जिला मंडी का नाम रोशन किया है। दो दिवसीय राज्यस्तरीय प्रतियोगिता का समापन रविवार को हुआ।
इस मौके पर हिमाचल प्रदेश शतरंज संघ के महासचिव सुदर्शन कुमार ने बतौर मुख्यातिथि शिरकत की। जबकि समारोह की अध्यक्षता महावीर पब्लिक स्कूल की प्रबंध निदेशक अनुराधा जैन ने की। इस मौके पर 14वीं हिमाचल प्रदेश शतरंज प्रतियोगिता अंडर-13 लड़कों के वर्ग में मंडी जिला के महावीर स्कूल के छात्र जतिन शर्मा ने सात अंक हासिल कर पहला स्थान हासिल किया। डीपीएस के आर्यन ने दूसरा, कुल्लू के पार्थ ने तीसरा, मंडी के आरिन ने चौथी और कनिष्क शर्मा ने पांचवां स्थान हासिल किया।
प्रथम हिमाचल प्रदेश अंडर-13 ब्लीटज प्रतियोगिता में मंडी के सुंदरनगर स्थित महावीर स्कूल के जतिन शर्मा ने 5 अंक हासिल कर पहला स्थान, डीपीएस के आर्यन ने 4 अंक हासिल कर दूसरा स्थान, मंडी के कनिष्क ने तीसरा व संपूर्ण ने चौथा और आरिन ने पांचवां स्थान हासिल किया। अंडर-13 लड़कियों के वर्ग में मंडी की अनुषा सिंह ने साढ़े चार अंक हासिल कर पहला स्थान, डीपीएस की आस्था वर्मा ने दूसरा, मंडी की मनिका शर्मा ने तीसरा, हमीरपुर की किमी ने चौथा व डीपीएस की कश्वी ठाकुर ने पांचवां स्थान हासिल किया। अंडर-13 ब्लीटज प्रतियोगिता में डीपीएस की आस्था वर्मा ने पहला, मंडी की मनिका ठाकुर ने दूसरा, डीपीएस की कश्वी ठाकुर ने तीसरा, मंडी की अनुषा सिंह ने चौथा व डीपीएस की यादवी नंदा ने पांचवां स्थान हासिल किया है।