बाजार में उमड़ी भीड़ से गहराई समस्या, राहगीरों का पैदल गुजरना हुआ मुश्किल
संवाद न्यूज एजेंसी
जोगिंद्रनगर (मंडी)। दीपावली त्योहार की खरीदारी को लेकर बुधवार को बाजार में उमड़ी ग्राहकों की भीड़ के बीच हाईवे जाम की समस्या भी विकराल हो गई। पठानकोट चौक में चारों तरफ से वाहनों की आवाजाही अधिक बढ़ जाने से बार-बार शहर में जाम लगता रहा। इस दौरान पैदल गुजरना भी मुश्किल हो गया।
दो और चार पहिया वाहनों में सवार होकर पहुंचे कुछ ग्राहकों को सड़क किनारे अपने वाहन छोड़कर गंतव्य की ओर जाना पड़ा। मुख्य बाजार में एंबुलेंस भी जाम में फंसी रही।जोगिंद्रनगर-सरकाघाट सड़क पर बस अड्डा से रेलवे फाटक तक यातायात बार-बार प्रभावित होता रहा।
नेहरू युवा केंद्र के वालंटियरों के सहयोग से हाईवे जाम खुलवाने में काफी हद तक राहत भी मिली। बुधवार को पुलिस थाना चौक के पास भी यातायात प्रभावित होता रहा। इसके अलावा बिलिंग कांप्लेक्स की ओर जाने वाले वाहन भी आइडल पार्किंग के चलते जाम में फंसते रहे।
पुलिस थाना जोगिंद्रनगर के प्रभारी सकीनी कपूर ने बताया कि जोगिंद्रनगर शहर में यातायात को व्यवस्थित करने के लिए पुलिस के जवान मुस्तैद रहे। वाहनों की अधिक आवाजाही और बेहतरतीब ढंग से पार्क वाहनों के चलते जाम की समस्या पेश आई, पुलिस की टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए वाहन चालकों को राहत प्रदान की है। उन्होंने त्योहारी सीजन में स्थानीय कारोबारियों को मुख्य सड़कों के किनारे किसी भी प्रकार का अतिक्रमण न करने का आह्वान किया है।