जागर नाला के ऊपर बना फोरलेन के पुल पर एकतरफा गुजरता ट्रैफिक। स्त्रोत- जागरूक पाठक
पंडोह (मंडी)। किरतपुर-मनाली फोरलेन में मंडी-पंडोह मार्ग पर निर्माण कार्य के तहत जागर नाला पर बने नए पुल को वीरवार सुबह एकतरफा यातायात के लिए खोल दिया गया है। इस पुल के खुलने के साथ ही अब मार्ग पर कुल चार नए पुलों पर एकतरफा संचालन शुरू हो चुका है। इससे क्षेत्र के लोगों को बड़ी राहत मिली है।
खासकर बरसात के दौरान जब जागर नाला उफान पर होता था और सड़क पर पानी भर जाने से आवाजाही बाधित हो जाती थी। केएमसी कंपनी के प्रोजेक्ट मैनेजर सत्या ने बताया कि तीन पुल पहले ही एकतरफा वाहनों के लिए चालू कर दिए गए थे।
जागर नाला पर बने चौथे पुल को वीरवार को खोल दिया गया है। पुलों का निर्माण कार्य तेजी से जारी है और जल्द ही पूरा मार्ग पूर्ण फोरलेन के रूप में चालू कर दिया जाएगा।