मंडी। राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान (आईटीआई) मंडी के प्रशिक्षु नवीन शर्मा ने व्यवसाय सर्वेयर में ऑल इंडिया ट्रेड टेस्ट में 99.25 प्रतिशत अंक प्राप्त करके पूरे उत्तरी भारत में पहला स्थान पाया है। इस असाधारण उपलब्धि के लिए उन्हें चौथे कौशल दीक्षांत समारोह में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के हाथों से सम्मानित किया जाएगा।
यह समारोह 2 अक्तूबर को विज्ञान भवन नई दिल्ली में आयोजित होगा। नवीन शर्मा के माता-पिता का देहांत हो चुका है। उसका संपूर्ण पालन-पोषण एवं शिक्षा-प्रशिक्षण का व्यय उनके मामा की ओर से वहन किया जा रहा है। नवीन शर्मा तहसील पालमपुर जिला कांगड़ा से संबंध रखते हैं। उन्होंने संस्थान से सर्वेयर व्यवसाय में व्यावसायिक प्रशिक्षण सत्र 2023-25 सफलतापूर्वक पूर्ण किया।
प्रशिक्षण के दौरान 7-8 मई 2025 को आयोजित राज्य स्तरीय कौशल प्रतियोगिता में प्रथम स्थान प्राप्त किया, जिसके फलस्वरूप तकनीकी शिक्षा मंत्री राजेश धर्माणी ने उसे 17 सितंबर 2025 को पॉलिटेक्निक सुंदरनगर में आयोजित राज्य स्तरीय दीक्षांत समारोह में सम्मानित किया। वर्तमान में नवीन शर्मा एनएसटीआई, कोलकाता से सीआईटीएस में प्रशिक्षण प्राप्त कर रहे हैं। संस्थान के प्रधानाचार्य रविंद्र बन्याल ने इस उपलब्धि पर प्रशिक्षु नवीन शर्मा एवं उनके अनुदेशक दिनेश शर्मा को बधाई दी। संवाद