मंडी। वल्लभ कॉलेज मंडी में मंगलवार को भारत-तिब्बत पुलिस सीमा बल के सहयोग से पुलिस बलिदानी दिवस मनाया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता एनसीसी वायु सेना विंग मंडी के फ्लाइंग ऑफिसर डॉ. चमन लाल क्रांति सिंह ने की। उन्होंने शहीद स्मारक पर पुष्प चक्र अर्पित कर वीर बलिदानियों को श्रद्धांजलि दी। आईटीबीपी सब-इंस्पेक्टर मुनी लाल के सहयोग से वीर नारी बीना गुलेरिया को स्मृति-चिह्न भेंट कर सम्मानित किया।
फ्लाइंग ऑफिसर ने कहा कि जो ड्यूटी को सर्वोच्च मान्यता देता है, वही सच्चा प्रहरी कहलाता है। बलिदानियों ने देश की एकता, अखंडता और सांविधानिक मूल्यों की रक्षा के लिए अपना सर्वोच्च बलिदान दिया है।
21 अक्टूबर 1959 को लद्दाख के हॉट स्प्रिंग्स क्षेत्र में गश्त के दौरान भारत-तिब्बत सीमा पुलिस के 10 जवान चीनी सैनिकों के हमले में बलिदान हुए थे। कार्यक्रम में बलिदानी असिस्टेंट कमांडेंट सुरेंद्र पाल गुलेरिया की पत्नी वीना गुलेरिया, पुत्र आशीष गुलेरिया, पुत्रवधू कल्पना गुलेरिया, पोती माहीरा गुलेरिया, पोता विहान गुलेरिया सहित परिवारजन विशेष रूप से उपस्थित रहे। संवाद