नगर निगम के वार्ड खलियार की बिजनी पंचायत भवन में आयोजित बैठक में हिस्सा लेते ग्रामीण। संवाद
मंडी। नगर निगम मंडी के वार्ड-एक खलियार में रविवार को पंचायत भवन बिजनी में वार्ड सभा का आयोजन हुआ। यह बैठक स्थानीय पार्षद अलकनंदा हांडा की अध्यक्षता में आयोजित की गई, जिसमें विभिन्न विकासात्मक मुद्दों पर चर्चा की गई।
बैठक में आईआरडीपी (एकीकृत ग्रामीण विकास कार्यक्रम) और बीपीएल (गरीबी रेख से नीचे) में परिवार चयन को लेकर विचार-विमर्श हुआ। 18 लोगों ने आईआरडीपी में अपने नाम जोड़ने की मांग की। वार्ड की संपर्क मार्गों की दयनीय स्थिति, रास्तों के किनारे उगी झाड़ियों और स्ट्रीट लाइटों की कमी भी प्रमुख मुद्दों में शामिल थे। इसके अलावा, श्मशानघाट के पास पार्क के सौंदर्यीकरण और वहां स्ट्रीट लाइटें लगाने की भी मांग की गई।
सामाजिक सुरक्षा पेंशन और प्रधानमंत्री आवास योजना पर भी चर्चा हुई। नगर निगम के अधिकारियों ने बताया कि प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत खलियार वार्ड में अब तक 55 लोगों को सहायता प्रदान की गई है और पिछले चार वर्षों में डेढ़ करोड़ रुपये खर्च किए गए हैं।
पार्षद अलकनंदा हांडा ने कहा कि खलियार वार्ड का आकार बड़ा है, जिस कारण विकास कार्यों की स्थिति स्पष्ट रूप से नहीं दिख रही। उन्होंने बताया कि नगर निगम में वार्ड के हिसाब से फंड का आवंटन नहीं हो रहा, जबकि मेयर को यह सुनिश्चित करना चाहिए कि बड़े वार्डों को उनके आकार के अनुसार फंड मिले। मेयर ने 10 लाख रुपये की घोषणा की है, जिससे कई कार्य शुरू होंगे। इसके अलावा, एससी कंपोनेट के तहत 25 लाख रुपये भी प्राप्त होंगे, जिनसे प्रस्तावित कार्य किए जाएंगे।
पार्षद ने कहा कि यदि वार्ड शहरी क्षेत्र में परिवर्तित नहीं होता, तो हाउस टैक्स की बात नहीं की जाएगी।
नगर निगम के वार्ड खलियार की बिजनी पंचायत भवन में आयोजित बैठक में हिस्सा लेते ग्रामीण। संवाद