नेरचौक (मंडी)। श्री लाल बहादुर शास्त्री मेडिकल कॉलेज नेरचौक की स्टूडेंट्स कल्चरल एसोसिएशन की ओर से 7वां वार्षिक समारोह 14 से 16 अक्तूबर तक आयोजित किया जाएगा। आइरिस के नाम से आयोजित होने वाले इस समारोह में प्रदेश के 6 मेडिकल काॅलेजों सहित एम्स बिलासपुर और दूसरे राज्यों के मेडिकल काॅलेजों के स्टूडेंट्स भी भाग लेंगे। इस बार इस समारोह को बालीवुड थीम पर आयोजित किया जाएगा।
मेडिकल काॅलेज के कार्यवाहक प्राचार्य डाॅ. राजेश कपूर ने पत्रकार वार्ता में बताया कि प्रत्येक मेडिकल काॅलेज से 30 से 40 स्टूडेंट्स के आने का कार्यक्रम है। इसमें खेलकूद गतिविधियों के साथ ही सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन मुख्य आकर्षण का केंद्र रहेगा। पूरा इवेंट बालीवुड थीम पर होगा जिसमें मेडिकल स्टूडेंट्स अपनी प्रस्तुतियां देंगे।
मेडिकल प्रोफेशन और एजुकेशन में काफी स्ट्रेस का माहौल रहता है। ऐसे में इस आयोजन से इसी स्ट्रेस को कम करने का प्रयास किया जाता है। इस आयोजन में जो भी मेडिकल कॉलेज भाग लेंगे उनकी ओर से एक निर्धारित धनराशि आयोजन समिति को दी जाती है। इस बार इस इवेंट से जो भी धनराशि एकत्रित होगी उसे आपदा प्रभावितों के लिए समर्पित करते हुए सीएम रिलीफ फंड में दान किया जाएगा। बावजूद प्रतिभागियों को दो लाख तक के नकद इनाम भी बांटे जाएंगे। केंद्र सरकार के तंबाकू मुक्त भारत को लेकर एक मैराथन का आयोजन भी किया जाएगा। इस मौके पर एमएएमसीओटी के अध्यक्ष डाॅ. गुलेरिया, मीडिया सचिव डाॅ. दुर्गेश ठाकुर, डाॅ. प्रदीप कश्यप और डाॅ. मीना भी मौजूद रहीं।