मंडी। अंतरराष्ट्रीय महाशिवरात्रि महोत्सव के अवसर पर आयोजित होने वाली खेलों में इस साल राष्ट्रीय खिलाड़ियों के साथ अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ी भी अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगे। कबड्डी और अन्य खेलों में देश-विदेश में भारतीय टीम का प्रतिनिधित्व कर देश का नाम रोशन करने वाले अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ी भाग लेंगे। मैदान में दर्शकों की कमी भी अब की बार नहीं खलेगी। साथ लगते स्कूलों के बच्चों को कम से कम सेमीफाइनल और फाइनल मुकाबलों का रोमांच देखने को लिए मैदान में पहुंचाया जाएगा। सुंदरनगर में मुक्केबाजी प्रतियोगिता का आयोजन किया जाएगा। साइकिलिंग प्रतियोगिता का ट्रैक भी इस साल बदला जा सकता है।
अंतरराष्ट्रीय महाशिवरात्रि मेले की खेल आयोजन समिति की बैठक मंगलवार को पुलिस लाइन में पुलिस अधीक्षक साक्षी वर्मा की अध्यक्षता में हुई। बैठक में विभिन्न खेल संगठनों के पदाधिकारियों ने शिरकत की। पुलिस अधीक्षक साक्षी वर्मा ने कहा है कि अंतरराष्ट्रीय महाशिवरात्रि महोत्सव के अवसर पर आयोजित होने वाली खेलों का इस साल भी भव्य आयोजन किया जाएगा।
कहा कि क्रिकेट, फुटबाल और हाॅकी जैसे खेलों का आयोजन महाशिवरात्रि महोत्सव के शुभारंभ से पहले कर दिया जाएगा। कबड्डी, वॉलीबाल, कुश्ती समेत अन्य खेलों का आयोजन हर साल की तरह महाशिवरात्रि मेले के आयोजन के दौरान किया जाएगा। इस मौके पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अभिमन्यु वर्मा, डीएसपी हेडक्वार्टर दिनेश, संजीव सूद सहित विभिन्न खेल संगठनों के पदाधिकारी मौजूद रहे। संवाद