एसडीएम कार्यालय बल्ह में स्थापित अपना पुस्तकालय में युवाओं से संवाद करते उपायुक्त अपूर्व देवगन।
नेरचौक (मंडी)। एसडीएम कार्यालय बल्ह में स्थापित ‘अपना पुस्तकालय’ नेरचौक का वीरवार को उपायुक्त मंडी अपूर्व देवगन ने औचक निरीक्षण किया। इस दौरान एसडीएम बल्ह स्मृतिका नेगी भी मौजूद रहीं। उन्होंने पुस्तकालय में मुहैया करवाई जा रही विभिन्न मूलभूत सुविधाओं का जायजा लिया। उपायुक्त ने कहा कि पुस्तकालय में हर प्रतियोगी परीक्षा से संबंधित पुस्तकें मुहैया करवाई जाएंगी।
इससे युवाओं को तैयारी के लिए पर्याप्त और उपयुक्त सामग्री एक साथ मिल सकेगी। उपायुक्त ने पुस्तकालय में विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे युवाओं से संवाद किया। उन्हें तैयारी करने, संक्षिप्त नोट्स बनाने और रीविजन को लेकर मार्गदर्शन भी किया। इस मौके पर उपायुक्त ने युवाओं के बीच समय बिताया और केक भी काटा। कहा कि युवा अपने लक्ष्य पर फोकस बनाए रखें तथा कड़ी मेहनत के साथ तैयारी करें। कहा कि जिलेभर में अपना पुस्तकालय स्थापित किए जा रहे हैं। संवाद