मंडी। जिला मंडी कांग्रेस कार्यालय में युवा कांग्रेस की बैठक जिला अध्यक्ष निखिल ठाकुर की अध्यक्षता में हुई। मंडी संसदीय क्षेत्र के प्रभारी एवं युकां प्रदेश उपाध्यक्ष अखिल अग्निहोत्री, मंडी जिला प्रभारी गौरव शर्मा, अखिलेश चौधरी ने बैठक ली।
अखिल अग्निहोत्री ने कहा कि आज महंगाई ने तो पूरे देश में हर वर्ग के लोगों की कमर तोड़ कर रख दी है। एलपीजी गैस सिलिंडर के दाम फिर से 50 रुपये बढ़ाए गए। पिछले 10 सालों में लोगों को लगातार बेवकूफ बनाया गया और महंगाई में बढ़ोतरी हुई। ऐसी कोई वस्तु नहीं छोड़ी जिस पर जीएसटी न लगाया गया हो। बच्चों की काॅपी, पेन, पेंसिल, रबड़ से लेकर खाने की प्रत्येक सामग्री पर टैक्स लगाया गया। केंद्र सरकार ने अपने उद्योगपति मित्रों का लाखों करोड़ का कर्ज माफ किया और आम जनता की जेब खाली की।
अग्निहोत्री ने कहा कि आज जनता को जाति और धर्म जैसे मुद्दों पर लड़ाया जा रहा है। कहा कि सांसद कंगना की टिप्पणियां हर किसी को हैरान कर रही हैं। कभी वह सुभाष चंद्र बोस जी को प्रथम प्रधानमंत्री बता देती है तो कभी किसानों पर टिप्पणी करती हैं। कहा कि सांसद का मानसिक संतुलन शायद ठीक नहीं है। इस मौके पर प्रदेश उपाध्यक्ष तरुण ठाकुर, प्रदेश प्रवक्ता राजेंद्र ठाकुर, साहिल ठाकुर, दिनेश पटियाल, मोहर सिंह, हितेश शर्मा आदि मौजूद रहे। संवाद