मंडी के आईटीआई चौक में पूर्व केंद्रीय मंत्री व सांसद अनुराग ठाकुर का स्वागत करने को उमड़ी भीड़
मंडी। पूर्व केंद्रीय मंत्री एवं हमीरपुर संसदीय क्षेत्र से सांसद अनुराग सिंह ठाकुर ने कहा कि भारत आज बौद्धिक और सांस्कृतिक रूप से जागृत हो चुका है। नए भारत का युवा राष्ट्र निर्माण का वाहक बन रहा है। वह शनिवार को आईआईटी मंडी में आयोजित कुल्हड़ इकोनॉमी फेस्ट शुभारंभ अवसर पर युवाओं को संबोधित कर रहे थे।
अनुराग ठाकुर ने कहा कि आईआईटी मंडी का यह थीम भारत की आत्मनिर्भरता और हिमाचल की मिट्टी की सुगंध का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि कुल्हड़ इकोनॉमी का अर्थ है समाज के अंतिम पंक्ति के व्यक्ति को आर्थिक रूप से सशक्त बनाना और उन्हें भारत की अर्थव्यवस्था व उत्पादकता से जोड़ना। यही काम प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी कर रहे हैं।
उन्होंने कहा कि आईआईटी मंडी शोध-आधारित शिक्षण और नवाचार का केंद्र बन चुका है, जहां शिक्षा और अध्यात्म का समन्वय दिखाई देता है। हमारी सनातन परंपरा कहती है कि शिक्षा में अध्यात्म का समावेश आवश्यक है। कहा कि 2014 से 2025 के बीच भारत में ऐतिहासिक परिवर्तन हुए हैं, जिन्होंने 2047 तक विकसित भारत की नींव रख दी है।
अनुराग ठाकुर ने कहा कि मोदी सरकार के नेतृत्व में भारत ने विश्व पटल पर एक निर्भीक राष्ट्र की छवि बनाई है। हमने पाकिस्तान के प्रॉक्सी वॉर को ऑपरेशन सिंदूर के जरिए करारा जवाब दिया है। अब पाकिस्तान भारत में आतंक फैलाने से पहले सौ बार सोचेगा।
कहा कि देश का स्टार्टअप इकोसिस्टम तेजी से बढ़ा है। 350 स्टार्टअप्स से बढ़कर अब यह 1.59 लाख से अधिक हो गया है, जिनमें 127 यूनिकॉर्न कंपनियां शामिल हैं।
....
आईआईटी मंडी के डायरेक्टर प्रोफेसर लक्ष्मीधर बेहेरा ने कहा कि कुल्हड़ इकोनॉमी फेस्ट आईआईटी मंडी की उस विकास-दर्शन को प्रतिबिंबित करता है जो सस्टेनेबिलिटी और लोकल प्रासंगिकता पर आधारित है। कहा कि आईआईटी मंडी नए विचारों और विधाओं को अपनाकर नवाचार और प्रगति की संस्कृति को प्रोत्साहित करने के लिए प्रतिबद्ध है। इस अवसर पर प्रो. कनगा साबापथी ने आईआईटी मद्रास के साथ संस्थान के इंडियन नॉलेज सिस्टम्स पर आधारित सहयोगात्मक शोध कार्य के बारे में बताया।