निजी वाहनों में सवारी ढोने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग
संवाद न्यूज एजेंसी
संधोल (मंडी)। मनसा माता टैक्सी यूनियन संधोल इकाई के चुनाव सोमवार को बस स्टैंड परिसर संधोल में हुए। इसमें इंद्र सिंह को अध्यक्ष चुना गया। साहिल, जनक उपाध्यक्ष, प्रवीन कुमार महासचिव, जोगिंद्र कौंडल कोषाध्यक्ष, कुलदीप मीडिया प्रभारी, संजय कुमार सचिव चुने गए। त्रिलोक चंद, सुभाष, कमल, सुरेंद्र, विजय भरमौरिया, अनिल कश्यप, विजय को सदस्य चुना गया।
कार्यकारिणी गठन के बाद आरटीओ मंडी, स्थानीय पुलिस और प्रशासन को प्रस्ताव पास कर भेजा गया। इसमें मांग की गई कि निजी वाहनों में सवारी ढोने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए। नवनियुक्त अध्यक्ष ने कहा कि क्षेत्र में आधा दर्जन मैक्सी कैब वाहन चालक चंडीगढ़, बद्दी, नालागढ़ और आसपास के क्षेत्रों में रूटीन में बस किराये पर सवारियां ढो रहे हैं। इसके चलते बेरोजगारी का सामना कर रहे टैक्सी चालकों की रोजी रोटी पर असर पड़ रहा है।
टैक्सी यूनियन ने निर्णय लिया कि निजी वाहनों को रोक कर चालकों को चेतावनी दी जाएगी। उसके बाद भी न मानने पर पुलिस के सहयोग से चालान करवाए जाएंगे। कहा कि प्रत्येक नए सदस्य को जोड़ने पर उससे 3100 रुपये तथा प्रत्येक माह 100 रुपये शुल्क लिया जाएगा जबकि बाहरी वाहनों से 5100 रुपये और मासिक 100 रुपये लिए जाएंगे। संवाद