खलवाहन पंचायत के झलीणी गांव में अग्निकांड के बाद घटनास्थल पर उपस्थित ग्रामीण।
- फोटो : अमर उजाला
बालीचौकी (मंडी)। जिले की ग्राम पंचायत खलबाहन के झलीणी गांव में शार्ट सर्किट से लगी आग से देव छोई के रथ के साथ तीन परिवारों के काष्ठकुणी शैली में बने घर राख हो गए हैं। अग्निकांड में 30 लाख से अधिक की संपत्ति का नुकसान बताया जा रहा है। आग में देव छोई का एक सोने का मोहरा, आठ चांदी के मोहरे, एक अष्ट धातु का मोहरा तथा तीन किलोग्राम चांदी का छत्र जल गया है। इसके अलावा देवता के चांदी के करनाल, दो नरसिंगे, ढोल, नगाड़े, बजीरी भी जल गए हैं। प्रशासन ने प्रभावित तीन परिवारों को पांच-पांच हजार रुपये की फौरी राहत प्रदान की है।
जानकारी के मुताबिक सोमवार रात 10 बजे के करीब खलवाहन पंचायत के झलीणी गांव में अचानक आग लग गई। आग सबसे पहले झलीणी गांव के उस घर में लगी यहां देव छोई की मदेउल (निवास स्थान) था। 12 कमरों का यह मकान चार सगे भाइयों शनिचरू, प्यारू राम, धर्मू और केशव राम पुत्र बाले राम का था। चारों सगे भाई इस मकान में नहीं रहते हैं। सभी भाइयों के परिवार क्षेत्र में ही बने दूसरे मकान में रहते हैं। आग इतनी भयानक थी कि मकान पूरी तरह से राख हो गया। जबकि इस मकान से सटे दो अन्य घरों को भी आग ने चपेट में ले लिया। जिससे दो भाइयों दिले राम, गोसरू राम पुत्र साधु का छह कमरों का संयुक्त मकान और दिले राम पुत्र फागनू के 12 कमरों का मकान भी 80 फीसदी जल गया है। देवता के कारदार दिलेराम ने बताया कि देवता छोई के रथ के साथ देवता का अन्य सामान भी पूरी तरह जल गया है। चांदी और सोने से बने वाद्य यंत्र भी जल कर राख हो गए हैं।
कोट्स ः घटना स्थल का जायजा लिया गया है। प्रभावित परिवारों को पांच-पांच हजार रुपये की राहत राशि प्रदान की गई है। देवता की संपत्ति के साथ लगभग 30 लाख रुपये से अधिक का नुकसान हुआ है। आग लगने का कारण शार्ट सर्किट बताया जा रहा है।
...अनिल कुमार तहसीलदार बालीचौकी