टिहरा (मंडी)। धर्मपुर में अवैध खनन माफिया पर मंगलवार को पुलिस ने ग्रामीणों की मदद से शिकंजा कसा है। रोस्सो-कोहन खड्ड पर भूमि कटाव को रोकने के लिए लगाए गए चेकडैम में एकत्र बजरी को निकालते हुए पुलिस ने ग्रामीणों की मदद से जेसीबी और टिपर को जब्त किया है।
दोनों वाहनों के मालिकों पर पुलिस ने 57500 रुपये जुर्माना वसूला है। पुलिस के अनुसार एक जेसीबी और टिपर खड्ड के किनारे मलकीयत जमीन में रेत और बजरी की खुदाई करने लगे। ग्रामीणों ने इकट्ठे होकर अवैध खनन करने वालों को रोका।
खनन माफिया ने ग्रामीणों से खनन न करने और लौट जाने का वायदा किया। लेकिन ये थोड़ी देर बाद फिर सक्रिय हो गए। इस पर ग्रामीणों ने टिपर और जेसीबी की चाबियां लेकर पुलिस को जानकारी दी। थाना प्रभारी सरकाघाट राकेश कुमार की अगुवाई में पुलिस घटनास्थल पर पहुंची। पुलिस ने खनन माफिया पर कड़ी कार्रवाई करते हुए जेसीबी मशीन के मालिक को 50 हजार और टिपर मालिक को 7500 रुपये जुर्माना लगाया है। ग्रामीणों में वार्ड पंच मधुसूदन, त्रिलोक नाथ, अतुल शर्मा, शंकरदास, कैप्टन सुरिंदर कुमार, संजय कुमार और विनोद कुमार ने खनन माफिया पर शिकंजा कसने की मांग की है।
थाना प्रभारी धर्मपुर राकेश कुमार ने कहा कि ग्रामीणों की शिकायत पर पुलिस ने खनन में लगी जेसीबी और टिपर को जब्त कर लिया है। दोनों वाहन मालिकों से 57,500 रुपये जुर्माना वसूला गया है।