सुंदरनगर (मंडी)। उपमंडल सुंदरनगर के निहरी और रोहांडा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) में एक-एक चिकित्सक तैनात होने से स्वास्थ्य सेवाएं प्रभावित हो रही हैं। दोनों सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों में 10 चिकित्सकों के पद स्वीकृत हैं। निहरी में मरीजों को रात्रिकालीन स्वास्थ्य सेवा ऑन काॅल ही मिल रही हैं।
यानी रात के समय मरीज को अस्पताल लाया जाता है तो पहले डॉक्टर को फोन करना पड़ता है। उसके बाद ही स्वास्थ्य सेवाएं मिलती हैं। क्षेत्र की बीस से अधिक पंचायतों की ओर से स्वास्थ्य मंत्री से लेकर मुख्यमंत्री को पत्र लिखे गए, लेकिन कोई सुनवाई नहीं हुई है। रोहांडा सीएचसी में चिकित्सकों के छह पद स्वीकृत होने के बावजूद यहां एक ही चिकित्सक तैनात है। निहरी सीएचसी में चिकित्सकों के चार पद स्वीकृत हैं, लेकिन यहां पर भी एक ही चिकित्सक सेवाएं प्रदान कर रहा है।
....
रोहांडा और निहरी अस्पतालों की अव्यवस्था के लिए स्वास्थ्य विभाग ही जिम्मेदार है। अस्पतालों में चिकित्सक न होने से आधारभूत ढांचे का कोई लाभ नहीं है। छोटी सी चोट लगने पर भी घायलों और मरीजों को मेडिकल काॅलेज नेरचौक या सुंदरनगर जाना पड़ता है।
-चेतन गुलेरिया, जिला परिषद सदस्य निहरी
...
निहरी, रोहांडा सीएचसी में डाॅक्टरों के खाली पदों को लेकर उच्च अधिकारियों को पत्र लिखा है। निहरी में ऑन कॉल इमरजेंसी रात्रि स्वास्थ्य सेवा है। दोनों सीएचसी में पैरामेडिकल स्टाफ पर्याप्त है।
-डॉ. लाल सिंह, खंड चिकित्सा अधिकारी रोहांडा
000