मंडी। हिमाचल बेरोजगार युवा संघ ने मंडी में एसी टू डीसी के माध्यम से वीरवार को मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू को ट्रेनी भर्ती के खिलाफ ज्ञापन भेजा। जिला अध्यक्ष विशाल मंढोत्रा ने कहा कि जॉब ट्रेनी भर्ती युवाओं के साथ भद्दा मजाक है, यह नीति सालों तक मेहनत से पढ़ाई करने वाले युवाओं की उम्मीदों और आत्मविश्वास को तोड़ने वाली है।
उन्होंने कहा कि प्रदेश कांग्रेस सरकार ने पांच लाख सरकारी नौकरियां देने की घोषणा की थी। नौकरियां तो दूर, जॉब ट्रेनी भर्ती के फरमान जारी कर दिए। इससे प्रदेश के लाखों युवाओं के भविष्य को खतरा पैदा हो गया है। दो साल तक प्रदेश में कर्मचारी महज जॉब ट्रेनी के रूप में नियुक्त होंगे और दो सालों के बाद उन्हें उसी नौकरी को पाने के लिए टेस्ट देना होगा।
इससे युवाओं में भारी रोष है। जिला अध्यक्ष ने चेतावनी दी कि यदि सरकार ने इस शोषणकारी नीति को तत्काल वापस नहीं लिया तो युवा प्रदेश के हर जिले में जन आंदोलन करेंगे। इसकी शुरुआत मंडी जिले से होगी। विशाल मंढाेत्रा ने कहा कि यह आंदोलन किसी पार्टी विशेष के खिलाफ नहीं, बल्कि शोषणकारी नीति के खिलाफ है। संवाद