निहरी में मूल माहूनाग मेले के समापन पर प्रतिभा सिंह को सम्मानित करते मेला कमेटी के सदस्य। संवाद
सुंदरनगर (मंडी)। उपमंडल सुंदरनगर के निहरी स्थित मूल माहूंनाग मंदिर परिसर चल रहा पांच दिवसीय मेला वीरवार को संपन्न हुआ। समापन अवसर पर प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष एवं पूर्व मंडी संसदीय क्षेत्र की सांसद प्रतिभा सिंह ने बतौर मुख्यातिथि शिरकत की। उन्होंने विधिवत रूप से देवता की पूजा-अर्चना कर मेले का समापन किया।
उन्होंने कहा कि देवी-देवताओं से ही हमारे मेलों की संस्कृति और पहचान कायम है। उन्होंने मेला मैदान के निर्माण के लिए आयोजन कमेटी से एस्टीमेट बनाकर देने की बात की। कहा कि सरकार से निहरी की समस्याओं और विकास को लेकर प्राथमिकता से चर्चा की जाएगी। इस मौके पर मेला कमेटी ने अतिथियों और अन्य गण्यमान्य लोगों को सम्मानित किया।
इस मौके पर स्थानीय स्कूल के विद्यार्थियों ने मनमोहक सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत कर नाटी डाली। कार्यक्रम में करसोग कांग्रेस के पूर्व उम्मीदवार महेश राज, करसोग कांग्रेस के अध्यक्ष ओम प्रकाश शर्मा, वरिष्ठ कांग्रेस नेता देवी सिंह चौहान, विक्की ठाकुर, देवी रूप सैनी आदि मौजूद रहे।