बटेहडा के पास दुर्घटनाग्रस्त एचआरटीसी बस। स्त्रोत- जागरूक पाठक
बटेहड़ा में पलटी एचआरटीसी बस, चालक गंभीर घायल
थाणा चौकी से सरकाघाट आ रही थी बस
परिचालक और एक यात्री को भी आईं मामूली चोटें
संवाद न्यूज एजेंसी
सरकाघाट (मंडी)। उपमंडल के तहत बटेहड़ा के समीप सोमवार सुबह हिमाचल पथ परिवहन निगम (एचआरटीसी) की बस अनियंत्रित होकर सड़क से नीचे पलट गई। हादसे में चालक गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसे प्राथमिक उपचार के बाद एम्स बिलासपुर रेफर किया गया है। परिचालक और बस में सवार एक मात्र यात्री को मामूली चोटें आई हैं। गनीमत यह रही कि बस में केवल एक ही यात्री सवार था।
जानकारी के मुताबिक सरकाघाट डिपो की बस सोमवार सुबह करीब 7:15 बजे थाणा चौकी से सरकाघाट के लिए रवाना हुई थी। सुबह करीब 7:30 बजे बटेहड़ा के पास पहुंचने पर चालक बस से नियंत्रण खो बैठा और बस सड़क से करीब 15 से 20 फुट नीचे जाकर पलट गई।
हादसे के बाद स्थानीय लोगों ने तुरंत राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया और घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बलद्वाड़ा पहुंचाया। दुर्घटना में चालक प्रीतम चंद (53) पुत्र डंडू राम निवासी बैहल डाकघर भटेड़ा गंभीर रूप से घायल हो गए। पीठ में गहरी चोट लगने के कारण उन्हें प्राथमिक उपचार के बाद एम्स बिलासपुर रेफर कर दिया गया। परिचालक आशीष कुमार (33) पुत्र अश्वनी कुमार निवासी कटोआ, डाकघर समैला और यात्री गुलाब सिंह (78) पुत्र दयाल सिंह निवासी बैहल को मामूली चोटें आई हैं और उनका उपचार सीएचसी बलद्वाड़ा में किया गया।
हादसे की सूचना मिलने पर सरकाघाट के विधायक दलीप ठाकुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बलद्वाड़ा पहुंचे। उन्होंने घायलों का हालचाल जाना और चिकित्सकों से उपचार संबंधी जानकारी ली। एचआरटीसी सरकाघाट के क्षेत्रीय प्रबंधक राजकुमार धीमान ने बताया कि बस के अनियंत्रित होकर पलटने की घटना की जांच की जा रही है। दुर्घटना के कारणों का पता लगाया जा रहा है।