जोगिंद्रनगर (मंडी)। बरसात के बाद अब सब्जियों के दाम गिरना शुरू हुए हैं। इससे घरेलू बजट में भी राहत मिली है। गृहिणियों ने भी राहत की सांस ली है। इससे पहले सब्जियों के दामों में बढ़ोतरी दर्ज की जा रही थी। ये सब्जियां आम आदमी की पहुंच से बाहर हो गई थीं। अब परचून में ही नहीं थोक में भी सब्जियों के दाम गिरे हैं।
उपविनियमित सब्जी मंडी जोगिंद्रनगर में करीब 15 दिन पहले हरा मटर 90 से 100 रुपये प्रति किलो बिक रहा था, जो अब 55 से 60 रुपये प्रति किलो पहुंचा है। शिमला मिर्च पहले 80 और अब 35 रुपये प्रति किलो थोक भाव बिक रही है। फूलगोभी पहले 30 और अब 20 रुपये थोक भाव में बिकी। मूली पहले 15 अब 12, गाजर पहले 20 अब 15 रुपये प्रति किलो पहुंच गई है। टमाटर महंगा हुआ है। पहले 45 रुपये प्रतिकिलो और अब 55 रुपये प्रति किलो बिक रहा है। उपविनियमित सब्जी मंडी के थोक कारोबारी मनोहर लाल, सुरेंद्र और विवेक वालिया ने बताया कि सब्जी मंडी में सब्जियों केे दामों में गिरावट दर्ज की जा रही है।
-
सब्जियों के दामों में गिरावट से राहत मिली है। रसोई का बजट भी सुधरा है। परचून की दुकानों में सब्जियों के दाम पहले के मुकाबले कम हुए हैं।
-पिंकी ठाकुर, गृहिणी
सब्जियों के दाम गिरने से बड़े कार्यक्रमों के लिए मध्य वर्गीय परिवारों को राहत मिली है। थोक दामों में गिरावट आने से परचून दुकानों में भी ग्राहकों को बजट के तहत सब्जियां खरीदने में आसानी हो रही है।
-
अंजना शर्मा, गृहिणी