फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Mandi News: सिराज के तुंगाधार में 59 कमरों वाला मकान राख, पांच को आंशिक नुकसान

Tue, 04 Jun 2024 02:34 AM IST
शिमला ब्यूरो संवाद न्यूज एजेंसी, मंडी
विज्ञापन
सिराज विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत ग्राम पंचायत तुंगाधार में चौकी नुमा तीन मंजिला पुश्तैनी मकान
विज्ञापन
गोहर (मंडी)। सिराज विधानसभा क्षेत्र के तहत ग्राम पंचायत तुंगाधार में सोमवार को दोपहर बाद 3:20 बजे भीषण अग्निकांड में 59 कमरों वाला एक चौकीनुमा तीन मंजिला पुश्तैनी मकान जलकर राख हो गया। मकान के जलने से 24 परिवार बेघर हो गए हैं। आग की चपेट में आने से साथ लगते पांच मकानों को आंशिक नुकसान हुआ है। दमकल टीम ने कड़ी मशक्कत के बाद गांव के अन्य घरों से जलने से बचा लिया है।
विज्ञापन

आग लगने के कारण साफ नहीं हो पाए हैं। घटना में 24 परिवारों को 4.50 करोड़ रुपये नुकसान हुआ है, जबकि आंशिक रूप से जले मकानों में 80 लाख रुपये नुकसान का आंकलन हुआ है। आग लगने के बाद पूरे गांव में चीखपुकार मच गई और अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
पुश्तैनी चौकीनुमा मकान में डाेला राम, लाल सिंह, टेक सिंह, मेहर चंद, राजेंद्र कुमार समेत 24 परिवार अलग-अलग रह रहे थे। सोमवार दोपहर बाद अचानक मकान में आग भड़की और देखते ही देखते पूरे मकान को आग ने चपेट में ले लिया। भड़की आग की लपटें दूर-दूर तक देखी गई। आग को बुझाने के लिए स्थानीय लोगों ने कड़ी मशक्कत की, लेकिन सफल नहीं हो पाए।
विज्ञापन

सूचना मिलने पर दमकल टीम मौके पर पहुंची। भड़की आग को देखते हुए अग्निशमन विभाग की दो गाड़ियां थुनाग और दो गाड़ियां गोहर से पहुंची। मगर आग ने इतना विकराल रूप धारण कर लिया था कि उस पर काबू नहीं पाया जा सका और मकान पूरी तरह जलकर राख हो गया।
इसी मकान के साथ सटे हुए पांच और मकानों को भी आग ने अपनी चपेट में ले लिया। मगर दमकल टीम ने मुस्तैदी दिखाते हुए पांच मकानों में पहुंची आग पर काबू पा लिया। इसके साथ ही गांव के अन्य घरों को भी आग की चपेट में आने से बचाया। अग्निकांड में प्रताप सिंह, मोहर सिंह, पूर्ण चंद और चेत राम के मकानों को आंशिक नुकसान पहुंचा है। इनमें कुल 80 लाख रुपये नुकसान का आंकलन किया गया है।
जलकर राख हुए मकान में एक कमरे में देव शृंगा ऋषि का सारा सामान भी मौजूद था। एसडीएम थुनाग ललित पोसवाल ने बताया कि वह और तहसीलदार थुनाग चुनावी ड्यूटी पर सुंदरनगर में तैनात हैं। घटना का पता चलते ही नायब तहसीलदार और पटवारी सहित अन्य स्टाफ को मौके पर भेजा है। प्रभावित परिवारों को कंबल और तिरपाल दे दिए गए हैं। नियमानुसार राहत राशि भी दी जाएगी।

नेता प्रतिपक्ष जयराम ने लिया जायजा

सिराज के तुंगाधार में हुए अग्निकांड के बाद नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर भी मौके पर पहुंचे और जायजा लिया। उन्होंने प्रशासन से घटना को लेकर जानकारी ली और प्रभावितों को जल्द राहत देने के लिए कहा। उन्होंने प्रभावितों को इस दुखद घटना में ढांढस बंधाया।

सिराज विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत ग्राम पंचायत तुंगाधार में चौकी नुमा तीन मंजिला पुश्तैनी मकान

विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें