नगर निगम की बैठक आज, महापौर, उपमहापौर और पार्षदों के मानदेय पर भी होगी चर्चा
पुरानी मंडी में पार्किंग के नक्शे को मिल सकती है मंजूरी
वार्डों में सफाई व्यवस्था को आउटसोर्स पर करवाने की तैयारी
केपी पांजला
मंडी। आमदनी अठन्नी और खर्चा रुपया जैसे आर्थिक हालात के बीच नगर निगम अपनी आय बढ़ाने के लिए प्रॉपर्टी टैक्स को लेकर ज्योग्राफिक इंफार्मेशन सिस्टम (जीआईएस) सर्वे करवाएगा। इस सर्वे के आधार पर शहर में सरकारी भवनों और निजी संपत्तियों की सही जानकारी मिल जाएगी।
इससे भवन में बदलाव और अवैध निर्माण का भी पता चलेगा, इसकी अलग से रिपोर्ट तैयार होगी। सर्वे को लेेकर नगर निगम की सोमवार कोे होने वाली बैठक में शहरी स्थानीय निकाय (यूएलबी) को धनराशि जारी करने को लेकर चर्चा की जाएगी। मौजूदा समय में जिला परिषद के आधार पर ही शहरवासियों से निगम गृहकर वसूल रहा है। इससे निगम को हर साल करोड़ों की चपत लग रही है।
मर्ज एरिया के वार्डों में भी रियायत अवधि अक्तूबर 2023 में पूरी हो चुकी है। इसके अलावा बैठक में महापौर, उपमहापौर और पार्षदों केे मानदेय को लेेकर भी चर्चा की जाएगी। शहर की मुख्य इंदिरा मार्केट के विकास के लिए 25 फीसदी धनराशि के उपयोग के संबंध में एकत्रित किराया और लाइसेंस फीस को लेकर भी मंथन होगा।
बैठक में वार्डों में सीएलसी के तहत रखे सफाई कर्मचारियों को लेकर हंगामा भी हो सकता है। कई पार्षदों का आरोप है कि कुछ वार्डों में सफाई कर्मचारी 20 से 24 तक हैं तो बैहना समेत कुछ वार्डों में इनकी संख्या महज 6 तक ही है। बैठक में समस्त वार्डों में सफाई व्यवस्था को आउटसोर्स पर करने के बारे, डंपिंग साइट में एनएचएआई की ओर से यूटर्न न देने के बारे, मंदिरों में सूचना पट लगाने, पुरानी मंडी में पार्किंग के नक्शे को मंजूरी देने और पिछली बैठकों की कार्रवाई पर क्या हुआ, इसे लेकर चर्चा की जाएगी। निगम की साधारण बैठक में 21 कार्यों को लेकर चर्चा की जाएगी।
इन कार्यों पर भी होगा मंथन
तल्याहड़ चौक पर निर्माणाधीन सड़क, जल शक्ति और पीडब्ल्यूडी विभाग के कार्यों और वार्ड-11 में बिजली के लटके तारों पर मंथन किया जाएगा। दौहंदी वार्ड में दौहंदी और सिहन गांव को एनएचएआई की ओर से क्रॉसिंग न देने, पंचायत घर दौहंदी में पार्षद कार्यालय खोलने, निगम क्षेत्र में सड़कों की खस्ता हालत, नेला वार्ड के शिलाकीपर और नेला के बीच घुगता में पार्क बनाने, तिब्बती मार्केट में शटर और सबलैटिंग को लेकर मंथन किया जाएगा।
उहल परियोजना में बचे पैसे का मुद्दा भी गरमाएगा
मंडी शहर के लिए बनी उहल पेयजल योजना में बचे पैसे का मुद्दा भी बैठक में गरमाएगा। कुछ पार्षदों का कहना है कि इस योजना के लिए निगम के पास 82 करोड़ रुपये आए थे। आगे काम जल शक्ति विभाग को सौंपा था। काम पूरा होने के बाद करीब 4 करोड़ रुपये शेष बच गए हैं। इसे लेकर बैठक में हंगामे के आसार भी हैं।
कोट्स
निगम की साधाहरण बैठक में 21 मदों पर चर्चा की जाएगी। इसमें मुख्य गृहकर सर्वे समेत अन्य मुद्दे हैं। बैठक का एजेंडा तैयार कर लिया गया है। सभी पार्षदों के कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर सूना जाएगा और चर्चा की जाएगी।
वीरेंद्र भट्ट शर्मा, महापौर नगर निगम