मंडी। जिला मंडी में शुक्रवार को कोरोना संक्रमण से आठ लोगों की मौत हो गई। इसमें पांच मंडी और तीन हमीरपुर जिले से हैं। वहीं 301 संक्रमित आए हैं। इनमें 250 रैट और 51 आरटीपीआर टेस्ट में संक्रमित पाए गए हैं।
मंडी जिले में बल्ह के चल्लाह के 69 साल के बुजुर्ग ने दम तोड़ा दिया है। इन्हें मृत हालत में मेडिकल कॉलेज नेरचौक लाया गया। कोरोना टेस्ट में वह पॉजिटिव निकले। तलयाहड़ की 70 वर्षीय महिला, कोटली की 85 वर्षीय महिला और पधर के लखवणी की 57 वर्षीय महिला ने नेरचौक मेडिकल कॉलेज में दम तोड़ा है। बल्ह के छज्जवाली के 61 वर्षीय पुरुष की होम आइसोलेशन में मौत हुई है।
हमीरपुर के वार्ड नंबर आठ के 52 वर्षीय, गांव घोरी के 55 वर्षीय और गांव समकरी के 75 व्यक्ति ने भी संक्रमण से दम तोड़ा है। पधर में संक्रमण का सबसे अधिक प्रभाव देखने को मिल रहा है। यहां शुक्रवार को 60 नए संक्रमित पाए गए हैं।
जोगिंद्रनगर में 66, सुंदरनगर में 31, सरकाघाट 25, धर्मपुर 15, मंडी 25, बल्ह 20, करसोग 10 और सराज में 10 संक्रमण के नए मामले आए हैं। सीएमओ मंडी डॉ. देवेंद्र शर्मा ने लोगों से कोविड नियमों की अनुपालना की अपील की है।