जोगिंद्रनगर (मंडी)। ग्राम पंचायत उटपुर के सांडा गांव में ब्लास्टिंग मामले की जांच के लिए कमेटी का गठन किया गया है। राजस्व विभाग की कमेटी जांच करेगी और तीन दिन के भीतर नुकसान का आकलन कर विस्तृत रिपोर्ट एसडीएम जोगिंद्रनगर को सौंपी जाएगी।
शुक्रवार को जोगिंद्रनगर के विधायक प्रकाश राणा ने एसडीएम अमित मेहरा के साथ घटनास्थल का निरीक्षण किया। ब्लास्टिंग से प्रभावित परिवारों से बात की। पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों को आगामी जांच तेज करने की हिदायत दी। एसडीएम अमित मेहरा के अनुसार उन्होंने राजस्व अधिकारियों को तीन दिन के भीतर ब्लास्टिंग मामले की विस्तृत रिपोर्ट देने के दिशा निर्देश दिए हैं।
बीते बुुधवार को उटपुर पंचायत के सांडा गांव में नदी के नजदीक हुई ब्लास्टिंग से आसपास के रिहायशी मकानों को नुकसान पहुंचा था। त्वरित कार्रवाई करते हुए तहसीलदार मेघना गोस्वामी और पुलिस चौकी लडभड़ोल की टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण कर आगामी कार्रवाई शुरू की थी। शुक्रवार को विधायक ने एसडीएम के साथ घटनास्थल का निरीक्षण कर ब्लास्टिंग से प्रभावित परिवारों से मुलाकात की और उचित कार्रवाई का आश्वासन दिया।