मंडी। केंद्र सरकार के आयुष मंत्रालय ने क्षेत्रीय आयुर्वेदिक पोषणजन्य विकार अनुसंधान संस्थान मंडी के गांधी भवन में ओपीडी चलाने के प्रस्ताव को मंजूरी दी है। अब गांधी भवन में भी आयुर्वेद अस्पताल की ओपीडी पहले की भांति चलती रहेगी। क्षेत्रीय आयुर्वेदिक पोषणजन्य विकार अनुसंधान संस्थान को पंडोह में अपना भवन बनने के बाद गांधी भवन में चल रहे आयुर्वेद अस्पताल की ओपीडी बंद करने की नौबत आ रही थी। जिसके चलते लोगों को मंडी की बजाए पंडोह जाना पडना था। अब आयुष मंत्रालय ने गांधी भवन में सिर्फ ओपीडी चलाने की अनुमति दी है।
अगर किसी मरीज को एडमिट करना होगा तो उसे पंडोह भेजा जाएगा। गौर हो कि पिछले कई वर्षों से मंडी शहर के गांधी भवन में क्षेत्रीय आयुर्वेदिक पोषणजन्य विकार अनुसंधान संस्थान चल रहा है। जबकि भ्यूली में किराये के भवन में संस्थान की लाइब्रेरी और दवाइयों का स्टोर किराये के भवन में चल रहे हैं। जिन्हें अब पंडोह में नवनिर्माण आयुष मंत्रालय के भवन में शिफ्ट किया जाना है। उधर, क्षेत्रीय आयुर्वेदिक पोषणजन्य विकार अनुसंधान संस्थान के प्रभारी डा. ओमराज शर्मा ने कहा कि आयुष मंत्रालय ने गांधी भवन में ओपीडी चलाने को मंजूरी दी है। अब पंडोह और मंडी दोनों स्थानों पर ओपीडी चलेगी।