टिहरा (मंडी)। मंडी-जालंधर वाया कोटली एनएच के निर्माण की वजह से आ रही परेशानियों और बरसात के मौसम को देखते हुए ग्राम पंचायत चोलथरा में स्थानीय लोगों ने शुक्रवार को बैठक की। बैठक में लोगाें ने निर्माण कंपनी के प्रोजेेक्ट मैनेजर मुकेश गुप्ता के समक्ष अपनी समस्याएं रखी और जल्द से जल्द घरों के पास डंगे लगाने की मांग की।
लोगों ने प्रशासन और सड़क परिवहन मंत्रालय के साथ ही निर्माण कंपनी को चेताया कि अगर उनके घरों के नजदीक समय पर डंगे नहीं लगाए गए तो धरना प्रदर्शन करने पर विवश होंगे। इससे होने वाले नुकसान की जिम्मेवारी प्रशासन और सड़क परिवहन मंत्रालय को होगी। लोगों ने लिखित रूप में कंपनी से आश्वासन मांगा कि वह कब तक उनकी समस्याओं का हल करेंगे।
प्रोजेक्ट मैनेजर मुकेश गुप्ता ने भी लोगों को आश्वासन दिया कि वह प्राथमिकता के आधार पर उनके काम करेंगे। स्थानीय निवासी रमेश, कमलेश कुमार, राकेश, संजू, प्रवीण, रिखीराम, मेहर चंद आदि लोगों ने बताया कि एनएच का निर्माण एग्रीमेंट जनता के हित में नहीं बना है और एग्रीमेंट में दोबारा से जनता के हित में बदलाव करना ही एकमात्र इसका समाधान है। इस मांग को लेकर लोगों ने हस्ताक्षरित ज्ञापन एसडीएम सरकाघाट, उपायुक्त मंडी और सड़क परिवहन मंत्रालय को भेजा।
बैठक में जिला परिषद सदस्य वंदना गुलेरिया, सरौन पंचायत प्रधान पवन कुमार, चोलथरा पंचायत प्रधान मेहर चंद गारला, बीडीसी विजय कुमार, वरिष्ठ कल्याण संस्था के चेयरमैन बिहारी लाल, प्रधान जगदेव बंधु, राकेश बनयाल, प्रताप, सुरेश कुमार व अन्य मौजूद रहे।