हिमाचल प्रदेश के जिला मंडी में एक दो मंजिला मकान में आग लगने से करीब तीस लाख का सामान जलकर राख हो गया। भगवाहन मोहल्ले में आग की घटना पर काबू पाने के लिए आ रहे दमकल वाहन की राह में बेतरतीब पार्क किए वाहन बाधा बनी। पढ़ें पूरी खबर...
मंडी शहर के भगवाहण क्षेत्र में मंगलवार सुबह करीब साढ़े पांच बजे एक दो मंजिला मकान में आग लगने से करीब तीस लाख का सामान जल कर राख हो गया। इस घटना में घर के धरातल की दुकान में लेदर पर्स व अन्य मन्यारी सामान जल कर राख हो गया। परिवार के सदस्यों को शटर बंद होने के कारण पिछले दरवाजे से सुरक्षित बाहर निकाला गया। शहर के बीचों बीच मकान में आग लगने से अफरा तफरी का माहौल रहा।
विज्ञापन
Trending Videos
नगर निगम के वार्ड नंबर 12 में हरीश कुमार लेदर पर्स व अन्य मन्यारी सामान की दुकान करता था। हरीश कुमार दुकान का सामान लाने के लिए इन दिनों बाहरी राज्यों में गया हुआ था। घर में परिवार के अन्य सदस्य मौजूद थे। सुबह करीब साढ़े पांच बजे कुछ लोगों ने हरीश कुमार की दुकान के अंदर से धुंआ उठता देखा तो उन्होंने पुलिस थाना को सूचित कर दिया। ऊपरी मंजिल में रहने वाले परिवार के सदस्यों को किसी तरह पिछले दरवाजे से बाहर सुरक्षित निकाल आग पर काबू पाने में जुट गए, लेकिन आग ने प्रचंड रूप धारण कर लिया। आग की लपटें उपरी मंजिल तक पहुंच रही थी। इससे आस पास सटे घरों के भी चपेट में आने का खतरा पैदा हो गया।
सूचना मिलने पर लीडिंग फायरमैन तारा चंद के नेतृत्व दमकल जवान वहां पहुंच गए। करीब पौने घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया, लेकिन तब तक सभी कुछ जल कर राख हो गया। आग लगने के कारण का पता नहीं चल पाया लेकिन बताया जा रहा है कि शार्ट सर्किट की वजह से दुकान में आग लगी है।
बेतरतीब पार्क वाहन बने बाधा
भगवाहन मोहल्ले में आग की घटना पर काबू पाने के लिए आ रहे दमकल वाहन की राह में बेतरतीब पार्क किए वाहन बाधा बनी। चौहटा से मुख्य डाकघर को जाने वाली सड़क पर वाहनों की वजह से दमकल वाहन को पहुंचने में देरी लगी। संकरी सड़क भी दमकल वाहन की राह में बाधा बनी। जिस कारण थोड़ी दूरी से फायर टेंडर से पाइप के माध्यम से पानी घटनास्थल तक पहुंचाया गया। वहां पर फायर हाईड्रेंट की भी दमकल जवानों को आग पर काबू पाने के लिए मदद मिली।
सुबह करीब साढ़े पांच बजे आग की घटना में करीब तीस लाख का सामान जल कर राख हुआ है। फायर बि्रगेड की मदद से आग पर काबू पाकर साथ लगते घरों को चपेट में आने से बचाया गया। शहर में बेतरतीब खड़े वाहनों की वजह से फायर बि्रगेड को पहुंचने में थोड़ा विलंब हुआ। फायर ब्रिगेड समय पर पहुंचती तो नुकसान को कम किया जा सकता था।- माधुरी कपूर, उप महापौर, नगर निगम मंडी
सूचना मिलते ही भगवाहन के लिए दमकल वाहन रवाना हो गया। संकरी सड़क व बेतरतीब वाहनों की पार्किंग की वजह से फायर ब्रिगेड को पहुंचने में थोड़ा विलंब हुआ, बावजूद इसके दमकल जवानों ने समय रहते आग पर काबू पा कर साथ लगते घरों को चपेट में आने से बचा लिया। -मनीष कुमार शर्मा, फायर स्टेशन ऑफिसर।