कोटली उपमंडल के तहत नेशनल हाईवे पर दलदल के बीच गुजरते वाहन। संवाद
कोटली (मंडी)। उपमंडल कोटली में नेशनल हाईवे-003 पर कंपनी की ओर से किए जा रहे कार्य से सड़क की हालत इतनी खराब हो चुकी है कि छोटी गाड़ियों के चालक बेहद परेशान हैं। धन्यारा पंचायत के पास सड़क पर दलदल है। फिसलन के चलते यहां हादसों की आशंका बनी रहती है। हालात यह हैं कि कोटली इलाके के लोग अपनी गाड़ियां घरों से निकालने में भी हिचकिचा रहे हैं।
रोजाना मार्ग से आने-जाने वाले रोपड़ू गांव निवासी मुरारी लाल ने बताया कि वह कोटली में दुकानदारी करते हैं, लेकिन सड़क की दुर्दशा के कारण गाड़ियों का रोजाना नुकसान हो रहा है। शिकायत के बाद भी समस्या का हल नहीं निकल पाया है। सलेतर में चिकन कॉर्नर चलाने वाले अनिरुद्ध ने बताया कि उनकी स्कूटी कई बार कीचड़ में फिसल गई, कोई सुनने को तैयार नहीं। एसडीएम कोटली असीम सूद ने कहा कि कंपनी को सड़क साफ करने के आदेश दिए जा चुके हैं। कुछ समय पहले एनएच-003 से दलदल हटाया गया था, लेकिन लगातार बारिश के कारण यह समस्या दोबारा उत्पन्न हो गई।
वहीं, कंपनी के अधिकारी मनप्रीत बाजवा ने कहा कि उनका सर्वोच्च प्रयास सड़क को सुरक्षित और दुरुस्त बनाए रखना है। मानसून के चलते बार-बार दलदल सड़क पर आ रहा है। मशीन भेजकर सफाई करवाई जाती है।