सुंदरनगर (मंडी)। सुंदरनगर में फोरलेन निर्माण के दौरान हाईवे की अनदेखी के चलते लोगों को सफर में काफी मुश्किलें आ रही हैं। सुंदरनगर के ललित चौक से लेकर डडौर तक हाईवे काफी उखड़ गया है। जिसके चलते स्थानीय लोगों में भी रोष व्याप्त है। किरतपुर-नेरचौक फोरलेन का निर्माण कार्य इन दिनों जोरों से चल रहा है।
फोरलेन के निर्माण के दौरान इसका निर्माण करने वाली कंपनी हाईवे-21 की कोई सुध नहीं ले रही है। जिसके कारण डडौर से लेकर भवाणा तक सड़क बरसात में काफी उखड़ गई है। मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह की चेतावनी के उपरांत करीब दो माह पहले लोविनि ने अपने अधिकार क्षेत्र वाले हाईवे ललित नगर से लेकर चौक तक की मरम्मत तो कर दी गई। लेकिन जुलाई माह में पहली बारिश के दौरान ही सड़क उखड़ गई।
वहीं नौलखा से लेकर डडौर तक का क्षेत्र जो फोरलेन के दायरे में है की मरम्मत भी नहीं हो रही है। लोगों की मांग है कि प्रशासन शीघ्र ही हाईवे की दशा सुधारने के लिए कारगर निर्देश जारी करे। इस संबंध में एसडीएम राजीव कुमार ने बताया कि हाईवे की दशा सुधारने व इसमें पड़े गड्ढे को भरने के लिए संबंधित विभाग को निर्देश जारी कर दिए गए हैं।