गोहर (मंडी)। कमरूघाटी में शनिवार दोपहर बाद भारी ओलावृष्टि ने किसानों और बागवानों की कमर तोड़कर रख दी। क्षेत्र में करीब 20 मिनट हुई भारी ओलावृष्टि से सेब समेत अन्य नकदी फसलों को भारी नुकसान हुआ है। सेब के साथ ही खुमानी के फल भी ओलावृष्टि के कारण बगीचों में गिर गए हैं। चैलचौक, गोहर, सरोआ, कुटाहची, जहल, धंग्यारा, थुनाग, बगस्याड, रोहांडा समेत आसपास के इलाकों में ओलावृष्टि ने खूब कहर बपया। ओले इतनी तेजी से गिरे कि फलों के साथ ही पौधों के पते भी झड़ गए।
उधर, जिला मुख्यालय में भारी बारिश और ओलावृष्टि हुई, जबकि कई भागों में तेज तूफान ने लोगों को सताया। इस दौरान मंडी शहर में सड़कों पर जलभराव हो गया। इससे वाहन चालकों और राहगीरों को कठिनाइयों का सामना करना पड़। तीन बजे स्कूलों में छुट्टी होने पर विद्यार्थियों और अभिभावकों को भारी बारिश से बचने के लिए काफी जद्दोजहद करनी पड़ी। भारी बारिश के कारण कुछ देर के लिए शहर में वाहनों की रफ्तार भी थमी रही।
बागवानों में डोले राम, महेंद्र कुमार, दीवान चंद, परम देव, मनोज कुमार, सुरेश शर्मा और यादविंद्र ने बताया कि शनिवार कमरूघाटी के बागवानों के लिए कहर बनकर आया। कमरूघाटी के अलावा जिला के अन्य सेब उत्पादित क्षेत्रों में ओलों ने कहर बरपाया है। इससे बागवानों को भारी नुकसान हुआ है।
नाचन फ्रूट वेजिटेबल संघ के उप प्रधान प्रेम ठाकुर ने बताया कि बागवानों को ओलावृष्टि से भारी नुकसान हुआ है। सेब के साथ ही खुमानी के फल ओलावृष्टि के कारण बगीचों में गिर गए हैं। उधर, जिला के अन्य ब्लॉकों में ओलावृष्टि से फसलों को भारी नुकसान हुआ है। कृषि विषय वाद विशेषज्ञ डॉ. राजेश कुमार ने बताया कि क्षेत्र में भारी ओलावृष्टि हुई है। उन्होंने बताया कि नुकसान का आकलन किया जा रहा।
चंद मिनट तेज बारिश तो चंद मिनट में मौसम साफ
जिला मुख्यालय मंडी में शनिवार दोपहर बाद चंद मिनट तेज बारिश होती तो चंद मिनट में मौसम साफ हो जाता। इसी माहौल के बीच लोग भी असमंजस में ही रहे कि बारिश थमेगी या नहीं। शनिवार को हुई बारिश से तापमान में हल्की गिरावट दर्ज की गई है और मौसम कूल-कूल हो गया है।
मंडी में हो रही बारिश में छाता लेकर अपने गंतव्य की ओर जाते स्कूली छात्र छात्राएं संवाद
मंडी में हो रही बारिश में छाता लेकर अपने गंतव्य की ओर जाते स्कूली छात्र छात्राएं संवाद
मंडी में हो रही बारिश में छाता लेकर अपने गंतव्य की ओर जाते स्कूली छात्र छात्राएं संवाद