मंडी। चौहारघाटी क्षेत्र में आपदा के दौरान उफनते नाले को पार कर बच्चे को वैक्सीन लगाने वाली महिला स्वास्थ्य कार्यकर्ता कमला देवी को सीरम कंपनी की ओर से पांच लाख रुपये की राशि प्रदान कर सम्मानित किया। उनके साहस और कर्तव्यनिष्ठा की जमकर सराहना भी की है। बरसात में आपदा के दौरान जुलाई माह में सड़कें बाधित हो गई थीं।
नाले उफान पर आने से लोगों का आवागमन बंद हो गया था। कमला देवी के पास पीएचसी सुधार के अलावा स्वाड का भी कार्यभार था। उस समय दो महीने के बच्चे को स्वाड में वैक्सीन लगनी थी लेकिन रास्ते खराब और बंद होने के कारण उन्होंने रास्ते में पड़ते स्वाड नाले को पार करने का निर्णय लिया। महिला कार्यकर्ता ने वैक्सीन बॉक्स सहित उफनते नाले को कूदकर पार किया व स्वाड गांव पहुंची। उनकी इस कूद का फोटो व वीडियो देशभर में प्रसारित हुआ था। चौहारघाटी के सुधार प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र (पीएचसी) की महिला स्वास्थ्य कार्यकर्ता कमला देवी को सीरम कंपनी के अध्यक्ष डॉ. सायरस पूनावाला ने पुणे स्थित अपने आवास में सम्मानित किया। इससे पहले राज्यपाल शिव प्रताप शुक्ल भी कमला देवी के इस साहसिक कार्य के लिए प्रशंसा पत्र भेज चुके हैं।