मंडी। पुलिस ने तीन अलग-अलग मामलों में तीन आरोपियों से 911.5 ग्राम चरस बरामद की है। सभी को अदालत में पेश कर रिमांड पर लिया गया है। एसआईयू सरकाघाट की टीम ने एक बाइक सवार युवक से 174 ग्राम चरस बरामद की। आरोपी कीर पहचान अनुज निवासी डिगर तहसील ज्वालामुखी, कांगड़ा के रूप में हुई है।
कोर्ट ने आरोपी को पांच दिन की रिमांड पर भेज दिया है। उधर, मनाली से चंडीगढ़ जा रही एचआरटीसी की बस में सवार संदीप निवासी बगचल तहसील फवाल जिला रिवाड़ी हरियाणा से 495 ग्राम चरस बरामद की। आरोपी के विरुद्ध पुलिस थाना सुंदरनगर में मामला दर्ज किया गया है।
तीसरे मामले में पुलिस थाना सुंदरनगर के अंतर्गत पुलिस चौकी डैहर की टीम ने मनाली से हरिद्वार जा रही एचआरटीसी की बस में सवार अर्पित शर्मा निवासी शकुरपुर आनंदवास, दिल्ली से 242.05 ग्राम चरस बरामद की है। आरोपी के विरुद्ध पुलिस थाना सुंदरनगर में मामला दर्ज किया गया है। रविवार को आरोपी को कोर्ट में पेश कर तीन दिन के रिमांड पर लिया गया है। पुलिस अधीक्षक साक्षी वर्मा ने बताया कि आरोपियों को रिमांड पर लेकर गहनता से पूछताछ की जाएगी।
तीन दिन के रिमांड पर पावर टिलर चोरी के आरोपी
थुनाग (मंडी)। जंजैहली पुलिस ने पावर टिलर चोरी के तीनों आरोपी युवकों को रविवार को कोर्ट में पेश किया। 50 हजार का पावर टिलर छह हजार रुपये में बेचने निकले चोरी के तीनों आरोपी युवकों को अदालत ने तीन दिन के पुलिस रिमांड पर भेज दिया है। प्रारंभिक पूछताछ में पता चला कि तीनों युवक बेरोजगार हैं और मध्यम वर्ग से संबंध रखते हैं। चोरी किए गए टिलर को मात्र छह हजार रुपये में बेचने की कोशिश कर रहे थे। इसमें से हजार रुपये एडवांस प्राप्त कर लिए थे। डीएसपी करसोग गौरवजीत सिंह ने बताया कि पकड़े गए युवकों से पूछताछ जारी है।