थुनाग/मंडी। जिले में रविवार को बादल छाए रहने से दिनभर शीतलहर जारी रही। सराज क्षेत्र की ऊंची चोटियों शिकारी देवी, तुंगासीगढ़ और शैटाधार में हल्की बर्फबारी हुई है। बर्फबारी से सराज की चार सड़कें आवाजाही के लिए अवरुद्ध हो गई हैं। इन्हें बहाल करने के लिए लोक निर्माण विभाग ने कसरत शुरू कर दी है।
बिजली और पानी की आपूर्ति फिलहाल सुचारु है। मैदानों में बूंदाबांदी हुई। इससे दिन के तापमान में सात डिग्री तक की गिरावट दर्ज हुई है। रविवार को जिले में अधिकतम तापमान 15.2 डिग्री दर्ज हुआ जो नौ जनवरी को 22.7 डिग्री था। दिन में ठंड होने से रविवार को कई शहरवासी और गांववासी घरों में दुबके रहे।
कई हाईवे किनारे और घरों में अलाव सेंकते भी नजर आए। दोपहर के समय सूर्यदेव के दर्शन हुए लेकिन कुछ समय बाद फिर से बादल छाने से शीतलहर जारी रही। मंडी, बल्ह और सुंदरगनर में सुबह के समय कोहरा छाया रहा। इससे वाहन चालकों को परेशानी झेलनी पड़ी। मौसम विभाग ने 13 और 14 जनवरी को मौसम साफ रहने का अनुमान जताया है। 2015 के बाद से अब तक लोहड़ी पर तीन बार ही 2023, 2019 और 2015 में बारिश रिकॉर्ड हुई है। मौसम विभाग ने 15 के बाद मौसम के फिर से बिगड़ने की संभावना जताई है।
...
क्षेत्र में हुई ताजा बर्फबारी के कारण जंजैहली-शिकारी माता, भंथल-सनारली-शंकर देहरा, बुंग भलवाड़-रेशन-खौली, लंबाथाच-चिऊणी-चेत-शैटाधार सड़क अवरुद्ध हो गई है। सड़कों को बहाल करने के लिए विभाग की ओर से दो जेसीबी मशीनें और बॉबकेट तैनात कर दिए हैं। अगर मौसम साफ रहा तो सोमवार शाम तक सभी सड़कें बहाल कर दी जाएंगी।
-रोशन लाल ठाकुर, अधिशासी अभियंता, पीडब्ल्यूडी जंजैहली
.........
मौसम विभाग की ओर से बर्फ और बारिश की भविष्यवाणी के उपरांत प्रशासन द्वारा अलर्ट जारी कर दिया है। स्थानीय लोगों, पर्यटकों, ट्रैकरों और धार्मिक श्रद्धालु को ऊंचे स्थानों पर न जाने के आदेश जारी किए गए हैं। उन्होंने कहा कि कोई व्यक्ति बर्फीले इलाकों में बेवजह सफर करने से गुरेज करें।
-अपूर्व देवगन, उपायुक्त मंडी