ड्रॉ ऑफ लॉट्स से तय किया गया आरक्षण
संवाद न्यूज एजेंसी
सुंदरनगर (मंडी)। नगर परिषद सुंदरनगर के चुनाव को लेकर प्रशासन की तैयारियां शुरू हो गई हैं। इसको लेकर सोमवार को एसडीएम कार्यालय में वार्ड आरक्षण की प्रक्रिया पूरी पारदर्शिता के साथ संपन्न हुई। प्रक्रिया में ड्रॉ ऑफ लॉट्स के माध्यम से विभिन्न वार्डों का आरक्षण तय किया गया। इसमें अधिकारी और अन्य लोगों की मौजूदगी रही। सुंदरनगर के एसडीएम ने प्रक्रिया की शुरुआत में उपस्थित लोगों को हिमाचल प्रदेश म्यूनिसिपल इलेक्शन रूल्स 2015 के तहत आरक्षण के प्रावधानों की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि नियमों के अनुसार अनुसूचित जाति की जनसंख्या के आधार पर तीन वार्ड आरक्षित किए गए। इनमें वार्ड नंबर एक (बाड़ी कुलयड़ा), वार्ड नंबर तीन (पुंघ) और वार्ड नंबर 10 (चांगर) शामिल हैं। ड्रॉ ऑफ लॉट्स के जरिये वार्ड नंबर तीन (पुंघ) और वार्ड नंबर 10 (चांगर) को अनुसूचित जाति महिला के लिए आरक्षित किया गया, जिससे महिला प्रतिनिधित्व को और मजबूती मिली। वहीं, नियमों के अनुसार कुल वार्डों में से आधे वार्ड महिलाओं के लिए आरक्षित किए गए।
ड्रॉ ऑफ लॉट्स के बाद वार्ड नंबर दो (बनेड़), चार (सलाह), नौ (भोजपुर), 12 (वेस्ट कॉलोनी) और 13 (ईस्ट कॉलोनी) महिलाओं के लिए आरक्षित घोषित किए गए। अन्य वार्डों को अनारक्षित रखा गया है, जहां सभी वर्गों के उम्मीदवार चुनावी मैदान में उतर सकेंगे। पूरी प्रक्रिया के दौरान पारदर्शिता का विशेष ध्यान रखा गया और किसी भी पक्ष की ओर से कोई आपत्ति सामने नहीं आई। प्रक्रिया की वीडियोग्राफी और फोटोग्राफी भी करवाई गई।
निष्पक्ष और पारदर्शी प्रक्रिया के तहत नगर परिषद के वार्डों का आरक्षण तय किया गया है जिससे आगामी सभी वार्डों के चुनाव शांतिपूर्ण और लोकतांत्रिक तरीके से संपन्न हो सकें।
अमर नेगी, एसडीएम सुंदरनगर