मंडी में यूनियन का सम्मेलन, 20 मई को की जाएगी हड़ताल
संवाद न्यूज एजेंसी
मंडी। मिड-डे मील वर्कर यूनियन संबंधित सीटू सदर ब्लॉक का सम्मेलन शुक्रवार को ताराचंद भवन में हुआ। सम्मेलन का उद्घाटन सीटू जिला सहसचिव गोपेंद्र शर्मा ने किया। उन्होंने कहा कि केंद्र की मोदी सरकार चार लेबर कोड लागू कर रही है जोकि मजदूर विरोधी हैं। इस लेबर कोड के विरोध में 20 मई की हड़ताल में शामिल होंगे। मंडी में प्रदर्शन और रैली निकालेंगे।
गोपेंद्र शर्मा ने कहा कि केंद्र और प्रदेश सरकार की जन विरोधी नीतियों के खिलाफ आंदोलन का भी आगाज किया जाएगा। मिड-डे मील वर्कर लंबे समय से मांग कर रहे हैं कि उन्हें सरकारी कर्मचारी का दर्जा दिया जाए। मानदेय की जगह वेतन का प्रबंध किया जाए, 10 महीने की जगह 12 महीने का वेतन दिया जाए, 25 बच्चों की शर्त को हटाया जाए, मिड-डे मील वर्कर को अन्य कार्यों का भी अतिरिक्त वेतन दिया जाए।
बंद एवं मर्ज किए गए स्कूलों में अन्य स्टाफ की तरह मिड-डे मील वर्कर को भी दूसरे स्कूलों में मर्ज किया जाए और छुट्टियों का भी प्रबंध किया जाए। इन सभी मांगों को लेकर मिड-डे मील वर्कर यूनियन निर्णायक आंदोलन करेगी और 20 मई की हड़ताल को सफल बनाया जाएगा। इसके साथ खंड सदर की कमेटी का भी गठन किया गया। इसमें ललिता देवी को प्रधान, रीना देवी सचिव, दया उपप्रधान, रीता सह सचिव, द्रौपदी कोषाध्यक्ष और पवन देवी, वनिता कुमारी, धर्म देवी, सावित्री देवी, अनुराधा देवी, बबली देवी को कमेटी सदस्य चुना गया।
0000