आउटसोर्स कर्मचारी संघ ने उठाई मांग, सुंदरनगर में हुई बैठक
संवाद न्यूज एजेंसी
सुंदरनगर (मंडी)। आउटसोर्स कर्मचारी संघ ने प्रदेश सरकार से प्रदेश में उनके लिए समान वेतन समान कार्य की मांग करते हुए इसके लिए स्थायी नीति बनाने की मांग की है। संघ ने सरकार से इस वर्ग के कर्मचारियों को सरकारी विभागों में समायोजित करने की भी वकालत की है।
रविवार को सुंदरनगर में संघ के जिला अध्यक्ष दिनेश कुमार की अध्यक्षता में आयोजित विद्युत बोर्ड में कार्यरत आउटसोर्स संघ की सुंदरनगर इकाई की बैठक में अध्यक्ष दिनेश कुमार, इकाई के उप प्रधान अजय ठाकुर और सचिव राजेंद्र ठाकुर ने सभी कर्मचारियों से मंत्रणा करते हुए आउटसोर्स कर्मचारियों के शोषण और मांगों को लेकर रणनीति बनाई गई। साथ ही आउटसोर्स कर्मचारी यूनियन की प्रदेश स्तर की कार्यकारिणी का गठन करने और संगठन को मजबूत और आउटसोर्स कर्मचारी वर्ग को प्रदेश के हर जिले में संगठित करने को लेकर कार्य योजना बनाई गई। जिला अध्यक्ष ने कहा कि आउटसोर्स कर्मचारियों का विभाग में शोषण किया जा रहा है। उन्होंने विद्युत बोर्ड में आउटसोर्स कर्मचारियों के काम के दौरान हादसे का शिकार होने पर नियमित कर्मचारियों के लिए बनाई गई स्पेशल पॉलिसी को लागू करने की भी मांग की है।