सरकाघाट (मंडी)। हिमाचल प्रदेश स्कूल प्रवक्ता संघ ने शिक्षा मंत्री और शिक्षा निदेशक से आग्रह किया है कि 10वीं कक्षा के री-चेकिंग और री-इवेल्यूएशन के परिणामों और एसओएस से पास हुए विद्यार्थियों को 11वीं कक्षा में प्रवेश का पूरा अवसर दिया जाए। इसके लिए प्रवेश तिथि को 15 सितंबर तक बढ़ाया जाए।
संघ के मुख्य प्रेस सचिव जयराम शर्मा और प्रदेश अध्यक्ष अजय नेगी ने कहा है कि 10वीं की री-चेकिंग और री-इवेल्यूएशन तथा एसओएस का परिणाम 3 सितंबर को घोषित किया गया है। इस कारण अनेक विद्यार्थी 11वीं कक्षा में प्रवेश नहीं ले पा रहे हैं। यदि प्रवेश तिथि नहीं बढ़ाई गई तो बच्चों का एक वर्ष बर्बाद हो जाएगा। संघ ने शिक्षा विभाग से मांग की है कि विद्यार्थियों के हित में तुरंत निर्णय लेकर प्रवेश तिथि 15 सितंबर तक बढ़ाई जाए। राज्य प्रवक्ता संघ के महासचिव इंद्र सिंह ठाकुर, लोकेंद्र नेगी, राजेश सैनी, सुरेंद्र पुंडीर, दीप सिंह खन्ना आदि ने सरकार से प्रवेश तिथि बढ़ाने की अपील की है। संवाद