मंडी। जेसीसी की बैठक बुलाने को लेकर अब कर्मचारियों ने आवाज बुलंद की है। सोमवार को हिमाचल प्रदेश गैर शिक्षक कर्मचारी महासंघ की राज्य स्तरीय बैठक करसोग डिग्री कॉलेज में आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता हिमाचल प्रदेश अराजपत्रित कर्मचारी महासंघ एवं गैर शिक्षक कर्मचारी महासंघ के प्रदेशाध्यक्ष त्रिलोक ठाकुर ने की। बैठक में कर्मचारी नेताओं ने प्रदेश सरकार से संयुक्त सलाहकार समिति (जेसीसी) की बैठक बुलाने को लेकर आवाज बुलंद की ताकि कर्मचारियों की लंबित मांगों का यथाशीघ्र समाधान हो सके।
बैठक में महासंघ के वरिष्ठ उपाध्यक्ष रविंद्र सिंह मेहता, महासचिव मनीश गुलेरिया, मुख्य सलाहकार कमल ठाकुर, संयुक्त सचिव अजय अवस्थी, सलाहकार अमृत राज साजटा सहित प्रदेश के सभी जिलों से अध्यक्ष, महासचिवों एवं प्रदेश की समस्त कार्यकारिणी के साथ-साथ हिमाचल प्रदेश गैर शिक्षक कर्मचारी महासंघ के पदाधिकारियों ने हिस्सा लिया।
त्रिलोक ने प्रमोशन का त्याग कर पेश की मिसाल : मनीश गुलेरिया
प्रदेश सरकार द्वारा हिमाचल प्रदेश अराजपत्रित कर्मचारी महासंघ एवं गैर शिक्षक कर्मचारी महासंघ के प्रदेशाध्यक्ष त्रिलोक ठाकुर को पदोन्नत कर अधीक्षक ग्रेड-1 (राजपत्रित) का तोहफा दिया था, लेकिन उन्होंने कर्मचारियों के हित को देखते हुए पदोन्नति को ठुकरा कर मिसाल पेश की है। महासंघ के महासचिव मनीश गुलेरिया ने कहा कि त्रिलोक ठाकुर ने अपने व्यक्तिगत हित को ठुकरा कर महासंघ के माध्यम से प्रदेश के कर्मचारियों की सेवा करने का ऐतिहासिक फैसला लिया है, जिसे कर्मचारी राजनीति में हमेशा याद रखा जाएगा।
000